Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र जयपुर ने सोमवार को तात्कालिक चेतावनी (Nowcast Warning) जारी की है. विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम खराब रह सकता है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए आमजन से सतर्क रहने की अपील की है.
इन जिलों में येलो अलर्ट, बारिश और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर, भरतपुर और धौलपुर सहित कई जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
गूगल ने अचानक बंद की 3 साल पुरानी सर्विस, जानिए क्या है वजह
27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर
IMD के मुताबिक 27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में सबसे अधिक देखने को मिलेगा. इस दिन बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. इन क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के गुजरने के बाद प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
कोहरा और तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद 28 और 29 जनवरी को राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं, 27 जनवरी के बाद तापमान में फिर से गिरावट दर्ज होने के संकेत भी मिल रहे हैं. जयपुर शहर में 27 जनवरी को बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 28 से 30 जनवरी के दौरान सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
मौसम विभाग ने क्या बरतने की दी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश, मेघगर्जन और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें. खुले स्थानों में जाने से बचें और पेड़ों के नीचे शरण न लें. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल देने की भी सलाह दी गई है.
किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है, खासकर फसलों की सुरक्षा को लेकर. IMD ने स्पष्ट किया है कि यह तात्कालिक चेतावनी अगले कुछ घंटों तक प्रभावी रहेगी और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
मौसम से जुड़ी किसी भी ताजा जानकारी और अपडेट के लिए लोगों को मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.


