Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ने लगा है और कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. खासकर पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है. शनिवार को चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर समेत कई जिलों में दिन के समय तेज गर्मी महसूस की गई. मार्च के शुरुआती दिनों में ही इस तरह की गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड को चुनौती दी है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है.
मौसम विभाग की डेली डेटा रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा. अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. वहीं बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 4 से 9 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
चारधाम यात्रा पर जाने वाले ध्यान दें, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी एंट्री, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अजमेर में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 36.4 डिग्री, अलवर में 37.0 डिग्री और जयपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिलानी में 38.2 डिग्री, सीकर में 34.7 डिग्री और कोटा में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. वहीं चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री, बाड़मेर में 39.8 डिग्री और जैसलमेर में 39.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
इसके अलावा जोधपुर में 38.2 डिग्री, बीकानेर में 38.3 डिग्री, चूरू में 37.7 डिग्री और श्रीगंगानगर में 38.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. नागौर और सिरोही में 35.4 डिग्री, डूंगरपुर और जालौर में 36.5 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 37.2 डिग्री, करौली में 35.9 डिग्री और दौसा में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. झुंझुनूं में 35.8 डिग्री और माउंट आबू में 29.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. दक्षिणी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों के दौरान तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से पहले खुशखबरी! उत्तराखंड-हिमाचल के बीच नया हाईवे तैयार
इसके साथ ही 10 और 11 मार्च के दौरान दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है. प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की उम्मीद है. हालांकि 11 से 12 मार्च के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.


