Dehradun News: जहां लोग दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं उससे पहले ही National Highways Authority of India (NHAI) उत्तराखंड और हिमाचल को जोड़ने वाला एक और बड़ा प्रोजेक्ट लगभग पूरा करने जा रहा है. देहरादून-पांवटा साहिब चार लेन राजमार्ग का निर्माण करीब 95 फीसदी तक पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि मानसून से पहले इसे पूरी तरह आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा.
इस हाईवे के शुरू होने के बाद देहरादून से पांवटा साहिब तक का सफर, जो अभी करीब 2 घंटे में तय होता है, वह घटकर सिर्फ 35 मिनट रह जाएगा. इससे उत्तराखंड और हिमाचल के बीच यात्रा काफी तेज और आसान हो जाएगी. दरअसल अभी देहरादून से पांवटा साहिब जाने के लिए दो प्रमुख मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग 7 और चकराता रोड का इस्तेमाल होता है. इन दोनों सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है. इसी समस्या को दूर करने के लिए NHAI ने 45 किलोमीटर लंबे नए 4-लेन हाईवे का निर्माण शुरू किया था.
इस हाईवे का कुछ हिस्सा ब्राउनफील्ड यानी पुरानी सड़क को अपग्रेड करके बनाया जा रहा है, जबकि ज्यादातर हिस्सा ग्रीनफील्ड है, यानी बिल्कुल नए इलाके से होकर गुजरने वाला मार्ग. परियोजना को दो सिविल पैकेज में बनाया जा रहा है. पहला पैकेज पांवटा साहिब से मेदिनीपुर तक करीब 18.7 किमी, दूसरा पैकेज मेदिनीपुर से देहरादून के बल्लूपुर तक करीब 26.1 किमी होगी. देहरादून की तरफ से हाईवे की शुरुआत प्रेम नगर, देहरादून से होती है, जहां फ्लाईओवर और सर्विस रोड का काम अंतिम चरण में है. आगे दो राउंडअबाउट बनाए गए हैं, जिनमें से एक से मसूरी बाईपास और दूसरा नया मार्गदिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा से जुड़ेगा.
वहीं यमुना नदी पर बन रहा पुल भी लगभग तैयार हो चुका है. इसके अलावा कैनाल पर बने पुल का काम भी पूरा हो गया है. कुछ हिस्सों में अभी फिनिशिंग और अर्थवर्क का काम बाकी है. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद न सिर्फ उत्तराखंड और हिमाचल के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पांवटा साहिब गुरुद्वारा जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी. अब देहरादून से पांवटा साहिब की दूरी घंटों नहीं, बल्कि मिनटों में तय हो सकेगी.


