Ram Mandir CEO: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार को अयोध्या में हुई. बैठक में राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के नाम पर मुहर लगा दी गई. रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का पहला CEO बनाया गया है. इसके साथ ही ट्रस्ट के तीन रिक्त सदस्य पदों को भी भर दिया गया. ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मणिरामदास छावनी स्थित आवास पर दोपहर करीब दो बजे बैठक शुरू हुई. बैठक में ट्रस्ट की व्यवस्थाओं, मंदिर प्रबंधन और विभिन्न समितियों के कामकाज को लेकर भी चर्चा हुई.
लद्दाख में युवाओं के लिए इंटर्नशिप का बड़ा मौका, 25 विभागों में 3 महीने का अवसर
ऑपरेशन सिंदूर में निभाई थी अहम भूमिका
रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी भूमिका के लिए स्वतंत्रता दिवस 2025 पर सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था. इससे पहले उन्हें वर्ष 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2013 में विशिष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है.
ट्रस्ट में तीन नए सदस्य शामिल
चढ़ावा चोरी प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था. छह जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे. इसके बाद ट्रस्ट में सदस्य पद रिक्त थे. बुधवार की बैठक में महेश भागचंद, मदनमोहन पाण्डेय और निर्मला यादव को ट्रस्ट में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया.
बैठक में कई प्रमुख पदाधिकारी हुए शामिल
बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय पदाधिकारी दिनेश, कमलनयन दास, दिनेन्द्र दास और कृष्ण मोहन सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे. विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बांगड़ा भी मणिरामदास छावनी पहुंचकर बैठक में शामिल हुए. वहीं, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, विश्व प्रसन्न तीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद, केशव पारासरन, शशांक त्रिपाठी, नृपेन्द्र मिश्र, प्रशांत लोखंडे और संजय प्रसाद ऑनलाइन बैठक से जुड़े.
सर्च कमेटी ने सौंपा था CEO के नामों का पैनल
इससे एक दिन पहले मंगलवार को सर्च कमेटी ने ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को CEO पद के लिए नामों का पैनल सौंपा था. इसके बाद सभी मौजूदा ट्रस्टियों को राम मंदिर बुलाया गया था. सर्च कमेटी के तीन सदस्य जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक एवं उद्योगपति सुरेश हावड़े भी राम मंदिर पहुंचे थे. उन्होंने सबसे पहले रामलला के दर्शन किए. इसके बाद ग्रीन हाउस में ट्रस्ट की ओर से सर्च कमेटी के सदस्यों का सम्मान किया गया.
गोरखपुर को मिली पहली इलेक्ट्रिक AC डबल डेकर बस, कुशीनगर तक चलेगी सेवा
बैठक में ट्रस्ट के प्रवक्ता और ट्रस्ट डीड में संशोधन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई. इस संबंध में कानूनविद और राम मंदिर ट्रस्टी केशव पारासरन से भी परामर्श किया गया. इसके अलावा राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक न्यास समिति, निर्माण समिति, प्रबंध समिति तथा वित्त एवं ऑडिट समिति के निर्णयों और इनके पुनर्गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.


