UP Weather Update: नौतपा की भीषण गर्मी और तेज तपिश से परेशान उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में जल्द ही मौसम का मिजाज बदलने वाला है. 28 मई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी. इस दौरान कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
जब रूस की Aviation Industry टूटने की कगार पर थी
तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और तेज हवाओं के असर से प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी और लू से काफी राहत मिलेगी. अगले लगभग एक सप्ताह तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है. हालांकि इसके बाद फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है. फिलहाल बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल के कुछ इलाकों में बृहस्पतिवार को लू और तेज गर्मी का असर बना रहेगा.
पश्चिमी विक्षोभ और नम हवाओं का असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी भरी हवाएं प्रदेश के मौसम को तेजी से प्रभावित कर रही हैं. यही वजह है कि उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश और तेज आंधी की स्थिति बन रही है.
विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों को मजबूत करेगा, जिससे कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है.
29 मई के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई गई है. इसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है.
इस दौरान सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
अब बदलेगी पश्चिमी यूपी की तस्वीर! जेवर एयरपोर्ट से अलीगढ़ तक दौड़ेगा विकास का महाकॉरिडोर
इन जिलों में चलेगी तेज आंधी
मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, कासगंज, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, महोबा और झांसी सहित अन्य जिले शामिल हैं.
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और कमजोर पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.


