UP Weather: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली, जिससे प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली. अवध क्षेत्र के कई जिलों में सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया. लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, अमेठी और अंबेडकरनगर में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई. वहीं रायबरेली में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे मौसम का असर और ज्यादा स्पष्ट दिखाई दिया.
अयोध्या और सुल्तानपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा. यहां पहले धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद हल्की बारिश हुई. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली. बुंदेलखंड क्षेत्र में भी मौसम ने असर दिखाया. बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और जालौन में शुक्रवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कई जगहों पर ओले भी गिरे. इस अचानक बदलाव ने जनजीवन को प्रभावित किया.
लौंग के उपाय: क्या लौंग से दूर हो सकती हैं परेशानियां? जानिए पंडित दिनेश की राय
कानपुर और उसके आसपास के जिलों औरैया, कानपुर देहात, उन्नाव और हरदोई में भी दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही. इस मौसम बदलाव का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. गेहूं, सरसों, चना, लाही और अरहर की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है. इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द राहत पहुंचाई जाए.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है. लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से आने वाली हवाएं उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई हैं, जिससे बूंदाबांदी की शुरुआत हुई. उन्होंने बताया कि 29 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा. इस दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है और हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इसके साथ ही तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
आने वाले पांच दिनों के मौसम की बात करें तो 28 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है. 29 मार्च को पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. 30 मार्च को पूरे प्रदेश में हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है. 31 मार्च को पश्चिमी यूपी में हल्की बौछारें पड़ेंगी, जबकि पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं 1 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं.
घर की नकारात्मक ऊर्जा कैसे दूर करें? कानपुर के पंडित दिनेश ने बताए आसान उपाय
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम अस्थिर बना हुआ है, जहां आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.


