Women Self Care Tips: भारतीय समाज में महिलाएं अक्सर ‘सबसे पहले सबका’ ख्याल रखने की जिम्मेदारी निभाती हैं. घर, बच्चे, पति, सास-ससुर, नौकरी- इन सबके बीच खुद के लिए समय निकालना मानो गुनाह बन जाता है. धीरे-धीरे महिलाएं अपनी शारीरिक और मानसिक ज़रूरतों को नजरअंदाज़ करने लगती हैं. इसका असर थकान, चिड़चिड़ापन, तनाव और आत्मविश्वास की कमी के रूप में सामने आता है.
परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत कैसे बनाएं? रॉबर्ट कियोसाकी की 3 अमूल्य सलाह
अगर आप भी खुद को भूलती जा रही हैं, तो अब रुकिए. Self-Care कोई लग्ज़री नहीं, बल्कि ज़रूरत है. आइए जानते हैं महिलाओं के लिए 5 ज़रूरी Self-Care टिप्स.
- खुद के लिए समय निकालना सीखें
दिन में 24 घंटे होते हैं, लेकिन क्या उनमें से 30 मिनट भी आपके अपने हैं? Self-Care की शुरुआत यहीं से होती है. सुबह जल्दी उठकर शांति से चाय पीना, रात को सोने से पहले किताब पढ़ना या बस चुपचाप बैठकर गहरी सांस लेना-ये छोटे-छोटे पल आपको मानसिक सुकून देते हैं.
याद रखें, खुद के लिए समय निकालना स्वार्थ नहीं, समझदारी है. - शारीरिक सेहत को प्राथमिकता दें
महिलाएं अक्सर अपनी सेहत को सबसे आख़िर में रखती हैं. ‘बाद में देखेंगे’ कहकर दर्द, थकान या कमजोरी को टाल देती हैं. लेकिन स्वस्थ शरीर के बिना आप किसी की मदद नहीं कर पाएंगी. रोज़ाना हल्की एक्सरसाइज़, योग या 20-30 मिनट की वॉक करें. समय पर खाना खाएं, पर्याप्त पानी पिएं और नींद से समझौता न करें. साल में कम से कम एक बार हेल्थ चेकअप ज़रूर कराएं. - मानसिक सेहत का भी रखें ख्याल
घर-परिवार की जिम्मेदारियां मानसिक दबाव बढ़ा देती हैं. कई बार महिलाएं अपनी परेशानियां किसी से साझा नहीं कर पातीं.अगर मन भारी लगे, तो बात करें-किसी दोस्त से, परिवार के सदस्य से या जरूरत हो तो काउंसलर से. ध्यान (Meditation), प्राणायाम और जर्नल लिखना भी तनाव कम करने में मददगार है. अपनी भावनाओं को दबाने की बजाय उन्हें स्वीकार करना सीखें. - ‘ना’ कहना सीखें
हर किसी की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश में महिलाएं खुद को थका देती हैं. हर काम की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेना जरूरी नहीं. जहां ज़रूरत हो, वहां ‘ना’ कहना सीखें. सीमाएं तय करना Self-Care का अहम हिस्सा है. जब आप अपनी सीमाओं का सम्मान करेंगी, तब दूसरे भी करेंगे. - अपनी पसंद और शौक को ज़िंदा रखें
शादी, बच्चे और जिम्मेदारियों के बाद महिलाएं अपने शौक भूल जाती हैं. डांस, म्यूजिक, पेंटिंग, गार्डनिंग या कुछ नया सीखना-जो भी आपको खुशी दे, उसे अपनी ज़िंदगी में जगह दें. ये शौक न सिर्फ आपको खुश रखते हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं.
हर रिश्ता शब्दों से नहीं टूटता, कई खामोशी में बिखर जाते हैं…
याद रखिए, आप सिर्फ एक मां, पत्नी या बहू नहीं हैं-आप एक इंसान हैं, जिनकी अपनी ज़रूरतें और भावनाएं हैं. जब आप खुद खुश और स्वस्थ रहेंगी, तभी परिवार को भी बेहतर संभाल पाएंगी. आज से ही खुद से एक वादा कीजिए-खुद को आख़िरी नहीं, सबसे पहले रखेंगी.


