Gift Ideas For Men: सावन का महीना सिर्फ हरियाली और बारिश का नहीं, बल्कि रिश्तों में प्यार, अपनापन और नई यादें जोड़ने का भी समय माना जाता है. इस दौरान कई महिलाएं अपने पति के लिए व्रत रखती हैं, पूजा करती हैं और उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं. ऐसे में अगर इस खास मौके पर एक छोटा-सा तोहफा भी दिल से दिया जाए, तो वह रिश्ते को और मजबूत बना सकता है.
एक समय था, जब सावन के महीने में केवल पति ही पत्नियों को गिफ्ट देते थे पर अब मॉडर्न जमाने में ट्रेंड भी बदल रहा है. महिलाएं और लड़कियां भी अपने पार्टनर को उनका पसंदीदा गिफ्ट देकर सरप्राइज दे रही हैं. अच्छी बात यह है कि यादगार गिफ्ट देने के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होती. सबसे खास वही उपहार होता है, जो सामने वाले की पसंद, जरूरत और आपकी भावनाओं को दर्शाता हो.

चलिए आज आपको उन गिफ्ट आइडियाज के बारे में, जो आपके रिश्ते में प्यार की मिठास को और घोल देंगे-
- एक खूबसूरत घड़ी
अगर आपके पति घड़ी पहनना पसंद करते हैं, तो यह एक शानदार गिफ्ट हो सकता है. हर बार जब वे उसे पहनेंगे, तो उन्हें आपकी याद जरूर आएगी. अगर बजट थोड़ा ज्यादा है, तो स्मार्टवॉच भी अच्छा विकल्प हो सकती है. - वॉलेट या कार्ड होल्डर
पुरुषों के लिए वॉलेट रोजमर्रा की जरूरत की चीज है. अच्छी क्वालिटी का लेदर वॉलेट या कार्ड होल्डर न सिर्फ उपयोगी होता है, बल्कि लंबे समय तक इस्तेमाल भी किया जाता है. चाहें तो उस पर उनका नाम या शुरुआती अक्षर भी लिखवा सकती हैं. लखनऊ निवासी होम मेकर शिल्पी का कहना है कि वह हर साल सावन का बेसब्री से इंतजार करती हैं. उनके पति जहां उन्हें गिफ्ट देते हैं तो वह भी उन्हें कुछ न कुछ देती हैं. इस बार वह अपने पति को वॉलेट गिफ्ट करेंगी. - उनकी पसंद का परफ्यूम
अगर आपके पति को अच्छी खुशबू पसंद है, तो उनकी पसंद का परफ्यूम या ग्रूमिंग किट उन्हें जरूर पसंद आएगा. यह ऐसा गिफ्ट है, जो हर उम्र के लोगों के लिए उपयुक्त माना जाता है. - कपड़े जो उन्हें पसंद हों
सावन और त्योहारों के मौसम में नया कुर्ता, शर्ट या टी-शर्ट भी बेहतरीन उपहार हो सकता है. गिफ्ट खरीदते समय उनकी पसंद के रंग और स्टाइल का ध्यान जरूर रखें. लखनऊ निवासी आरती यादव का कहना है कि वह इस सावन अपने पति को प्यारी सी शर्ट गिफ्ट करेंगी. इसके अलावा वह उनके फेवरेट कलर का भी ध्यान रखेंगी.

- गैजेट्स और टेक एक्सेसरी
अगर आपके पति टेक्नोलॉजी पसंद करते हैं, तो वायरलेस ईयरबड्स, ब्लूटूथ स्पीकर, पावर बैंक, मोबाइल स्टैंड या कोई उपयोगी गैजेट उन्हें खुश कर सकता है. यह गिफ्ट रोजमर्रा की जिंदगी में भी काम आएगा. - फिटनेस पसंद है तो यह विकल्प चुनें
जो लोग फिटनेस पर ध्यान देते हैं, उनके लिए फिटनेस बैंड, जिम बैग, योगा मैट, पानी की प्रीमियम बोतल या स्पोर्ट्स एक्सेसरी अच्छा उपहार हो सकता है. - पर्सनलाइज्ड गिफ्ट हमेशा रहते हैं खास
आजकल नाम या फोटो वाले गिफ्ट काफी पसंद किए जाते हैं. आप फोटो फ्रेम, कॉफी मग, कुशन, की-चेन या यादगार तस्वीरों की एक छोटी-सी फोटो बुक तैयार करवा सकती हैं. ऐसे गिफ्ट की भावनात्मक कीमत सबसे ज्यादा होती है. दिल्ली के रोहिणी की रहने वाली कविता तिवारी बताती हैं कि जल्द ही वह शादी के बंधन में बंधने वाली हैं. वह अपने होने वाल पार्टनर को खास की-चेन गिफ्ट करना पसंद करेंगी.

- उनकी पसंदीदा किताब
अगर आपके पति को पढ़ने का शौक है, तो उनकी पसंद के लेखक की किताब या किसी विषय पर अच्छी पुस्तक भी एक बेहतरीन तोहफा हो सकती है. - साथ बिताया गया समय भी है सबसे बड़ा गिफ्ट
हर गिफ्ट दुकान से नहीं खरीदा जाता. कभी-कभी उनकी पसंद का खाना बनाना, साथ में डिनर प्लान करना, लॉन्ग ड्राइव पर जाना या बिना किसी मोबाइल के कुछ घंटे साथ बिताना भी सबसे खूबसूरत उपहार बन जाता है. ऐसी यादें लंबे समय तक दिल में रहती हैं. - एक हाथ से लिखा छोटा-सा पत्र
डिजिटल दौर में हाथ से लिखा एक प्यारा-सा पत्र किसी भी महंगे गिफ्ट से ज्यादा खास महसूस करा सकता है. इसमें आप अपने रिश्ते की खूबसूरत यादें, उनकी खूबियां और अपनी भावनाएं लिख सकती हैं. यह उपहार शायद सबसे ज्यादा संभालकर रखा जाएगा.
गिफ्ट चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान
- गिफ्ट उनकी पसंद और जरूरत के अनुसार चुनें.
- बजट से ज्यादा भावनाओं को महत्व दें.
- उपयोगी चीजें हमेशा बेहतर विकल्प होती हैं.
- गिफ्ट के साथ एक छोटा-सा शुभकामना कार्ड या प्यार भरा संदेश जरूर दें.
बता दें कि सावन का असली संदेश प्रेम, विश्वास और साथ निभाने का है. इसलिए जरूरी नहीं कि उपहार बहुत महंगा हो. अगर उसमें अपनापन और सच्ची भावना हो, तो एक साधारण-सा गिफ्ट भी आपके पति के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है. आखिर रिश्तों की सबसे बड़ी खूबसूरती महंगे तोहफों में नहीं, बल्कि उन छोटे-छोटे पलों में छिपी होती है जो जिंदगीभर याद रहते हैं. तो इस सावन आप भी अपने पति को कोई न कोई गिफ्ट देकर सरप्राइज कर दें और अपने रिश्ते में प्यार का इत्र छिड़कें.


