Matar Ki Saloni Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी हरी मटर की भरमार देखने को मिलती है. यही वह समय होता है, जब किचन में कुछ नया, देसी और स्वाद से भरपूर बनाने का मन करता है. आमतौर पर हरी मटर से कई तरह की सब्ज़ियां, पुलाव और स्नैक्स बनाए जाते हैं, लेकिन हरी मटर की ‘सलोनी’ एक ऐसी पारंपरिक डिश है, जिसे बहुत कम लोग जानते या बनाते हैं. स्वाद में चटपटी और सेहत के लिहाज से भरपूर यह डिश नाश्ते से लेकर हल्के लंच तक के लिए एक बेहतरीन विकल्प मानी जाती है.
क्या है मटर की सलोनी
मटर की सलोनी उत्तर भारत में बनने वाली एक पारंपरिक और घरेलू रेसिपी है. इसमें हरी मटर, आलू और देसी मसालों का ऐसा संतुलन होता है, जो न तो ज्यादा भारी लगता है और न ही फीका. यह सब्ज़ी खासतौर पर उन लोगों को पसंद आती है, जो हल्का लेकिन स्वादिष्ट खाना पसंद करते हैं. इसमें इस्तेमाल होने वाला सरसों का तेल और ऊपर से डाला गया ताजा हरा धनिया इसकी खुशबू और स्वाद दोनों को कई गुना बढ़ा देता है.
हरे मसाले की खासियत
मटर की सलोनी की सबसे बड़ी खासियत इसका हरा मसाला होता है, जो इसे आम सब्ज़ियों से अलग बनाता है. इसके लिए ताजा हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक, हरी लहसुन और थोड़े से हरे मटर को एक साथ मिक्सी में पीसकर गाढ़ा पेस्ट तैयार किया जाता है. यही हरा मसाला इस डिश को उसका खास रंग, खुशबू और देसी स्वाद देता है.
कैसे बनाएं मटर की सलोनी
सबसे पहले कढ़ाई में सरसों का तेल अच्छी तरह गर्म करें. तेल गरम होने के बाद इसमें जीरा, हींग और थोड़े से मेथी दाने डालें. जैसे ही मसालों की खुशबू आने लगे, उसमें छोटे-छोटे टुकड़ों में कटे कच्चे आलू डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें.
अब इसमें ताजे हरी मटर के दाने डालें और कुछ देर चलाएं, ताकि मटर का कच्चापन खत्म हो जाए. इसके बाद तैयार किया हुआ हरा मसाला पेस्ट, हल्दी और स्वादानुसार नमक डाल दें.
कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर पकाएं. इस दौरान मटर और आलू धीरे-धीरे नरम हो जाते हैं और मसालों का स्वाद अंदर तक समा जाता है. जब सब्ज़ी अच्छी तरह पक जाए, तो आखिर में ऊपर से थोड़ा नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
फूलगोभी या पत्ता गोभी? सेहत के लिए कौन है ज्यादा फायदेमंद, जानिए क्या कहती है रिसर्च?
मटर की सलोनी खाने के फायदे
हरी मटर फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी विटामिन्स से भरपूर होती है. आलू शरीर को एनर्जी देता है, जबकि हरे मसाले इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. यही वजह है कि मटर की सलोनी सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी एक अच्छी डिश मानी जाती है.
नाश्ते के लिए परफेक्ट डिश
गरमागरम मटर की सलोनी को पराठे, पूड़ी या सादी रोटी के साथ परोसा जा सकता है. बच्चों से लेकर बड़ों तक, यह सब्ज़ी सभी को पसंद आती है. अगर आप इस सर्दियों में कुछ नया, देसी और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो हरी मटर की सलोनी जरूर बनाएं और इसके स्वाद का आनंद लें.


