Dal Bathua Recipe: ठंड का मौसम आते ही खान-पान में बदलाव दिखने लगता है. लोग साग-सब्जियों के अलग-अलग व्यंजनों का आनंद लेते हैं. इन्हीं में इन दिनों बथुआ साग की जबरदस्त मांग है. बाजार में यह 100 रुपये किलो तक बिक रहा है. खास बात यह है कि बथुआ लगभग हर सब्जी के साथ आसानी से एडजस्ट हो जाता है. गांवों में तो यह गेहूं के खेतों में खूब मिलता है, जहां लोग इसे तोड़कर घर लाते हैं और तरह-तरह से पकाते हैं.
दाल-बथुआ: गांव की रसोई से आया खास स्वाद
गांव की ओर जाते समय दाल-बथुआ की चर्चा सुनने को मिली. गृहिणी प्रिया बताती हैं कि बथुआ का साग जितना स्वादिष्ट लगता है, उससे भी ज्यादा दाल-बथुआ का स्वाद लाजवाब होता है. दाल में बथुआ मिलाकर तैयार किया जाने वाला यह व्यंजन सेहत के साथ स्वाद का भी पूरा ख्याल रखता है.
नाश्ते से लंच तक परफेक्ट! हरी मटर की सलोनी की आसान रेसिपी, बार-बार मांगकर खाएंगे लोग
दाल-बथुआ बनाने की आसान विधि
दाल-बथुआ बनाने के लिए सबसे पहले बथुआ को अच्छी तरह चुन लें, ताकि कोई दूसरी घास न रहे. इसे साफ पानी से धो लें और अगर जड़ लगी हो तो हटा दें. इसके बाद बथुआ को बारीक काट लें.
अब कुकर में दाल डालें और उसी में कटा हुआ बथुआ भी मिला दें. दाल अच्छी तरह पक जाने के बाद इसे अच्छे से मिक्स कर लें. स्वाद बढ़ाने के लिए लहसुन, अदरक, जीरा, हरी मिर्च और थोड़ी धनिया पत्ती का तड़का लगाएं. चाहें तो मसालेदार या फिर सिंपल, दोनों तरह से इसे तैयार किया जा सकता है. बस तैयार है आपका टेस्टी दाल-बथुआ.
पाचन से लेकर हड्डियों तक के लिए फायदेमंद
बथुआ साग में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन को मजबूत बनाता है और कब्ज की समस्या कम करता है. इसमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों और दांतों को मजबूत करने में मदद करता है.
दिल, खून और त्वचा के लिए भी लाभकारी
बथुआ में पाए जाने वाले पोटैशियम और एंटीऑक्सिडेंट्स हृदय को स्वस्थ रखते हैं और रक्तचाप नियंत्रित करने में सहायक होते हैं. यह खून को साफ करने और शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है. विटामिन A और C त्वचा व बालों के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं.
फूलगोभी या पत्ता गोभी? सेहत के लिए कौन है ज्यादा फायदेमंद, जानिए क्या कहती है रिसर्च?
सर्दियों में शरीर को रखे गर्म और ऊर्जावान
सर्दियों में बथुआ साग का सेवन शरीर को गर्म रखता है और सर्दी-जुकाम से बचाव में मदद करता है. इसमें मौजूद आयरन और विटामिन शरीर को ऊर्जा देते हैं और थकान कम करते हैं.
थाली में जरूर शामिल करें दाल-बथुआ
अगर आप सर्दियों में कुछ नया, स्वादिष्ट और सेहतमंद बनाना चाहते हैं, तो दाल-बथुआ को अपनी थाली में जरूर शामिल करें. गेहूं के खेतों से निकलकर यह व्यंजन आज हर रसोई का सितारा बन रहा है.


