Alia Bhatt TIME100 Next India list: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. उन्हें प्रतिष्ठित TIME मैगजीन की पहली ‘TIME100 Next India’ लिस्ट की कवर स्टार बनाया गया है. मैगजीन ने फिल्म इंडस्ट्री में उनके सफर, अलग-अलग तरह के किरदारों को चुनने की क्षमता और फिल्म सेट पर महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल की वकालत करने को लेकर उनकी सराहना की है.
TIME मैगजीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आलिया भट्ट को कवर स्टार घोषित करते हुए उन्हें ‘बॉलीवुड आइकन’ बताया. मैगजीन ने इस बात का भी जिक्र किया कि कैसे आलिया ने एक नई कलाकार के रूप में शुरुआत करने के बाद खुद को चुनौतीपूर्ण और विविध भूमिकाएं निभाने वाली अभिनेत्री के तौर पर स्थापित किया है.
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से शुरू हुआ था सफर
आलिया भट्ट ने साल 2012 में करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बतौर लीड एक्ट्रेस बॉलीवुड में डेब्यू किया था. हालांकि, साल 2014 में इम्तियाज अली की फिल्म ‘हाईवे’ उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई.
इस फिल्म में उन्होंने वीरा त्रिपाठी का किरदार निभाया था, जिसका अपहरण होने के बाद उसकी जिंदगी एक नए मोड़ पर पहुंच जाती है. फिल्म में आलिया की एक्टिंग को काफी सराहना मिली और दर्शकों के बीच उनकी अभिनय क्षमता को लेकर बनी धारणा भी बदली.
‘उड़ता पंजाब’ से ‘गली बॉय’ तक दिखाया अभिनय का दम
‘हाईवे’ के बाद आलिया ने कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ में उन्होंने बिहार की एक प्रवासी मजदूर लड़की का किरदार निभाया, जो पंजाब के ड्रग्स कारोबार के जाल में फंस जाती है. इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला.
इसके अलावा उन्होंने ‘2 स्टेट्स’, ‘डियर जिंदगी’, ‘राजी’ और ‘गली बॉय’ जैसी फिल्मों में काम किया. इन फिल्मों के जरिए उन्होंने रोमांटिक, इमोशनल और गंभीर किरदारों के बीच अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया.
TIME मैगजीन ने इस बात का भी उल्लेख किया कि आलिया का करियर ऐसे दौर में आगे बढ़ा, जब बॉलीवुड पारंपरिक स्टार सिस्टम से आगे बढ़कर एक अधिक प्रतिस्पर्धी और चुनौतीपूर्ण सेलिब्रिटी कल्चर की ओर बढ़ रहा था.
फिल्म सेट पर महिलाओं के अधिकारों की भी उठाती हैं आवाज
आलिया भट्ट की पहचान सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है. वह फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की भी वकालत करती रही हैं. खासतौर पर फिल्म सेट पर महिलाओं की सुविधाओं और सुरक्षित माहौल को लेकर उनकी पहल को भी TIME मैगजीन ने अपनी पहचान में शामिल किया है.
हाल ही में आलिया भट्ट मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 के ग्रीन कार्पेट पर भी नजर आई थीं. इस दौरान उन्होंने डिजाइनर रितु कुमार का तैयार किया हुआ ब्लैक और एंटीक गोल्ड रंग का शानदार आउटफिट पहना था, जिसमें वह काफी आकर्षक लग रही थीं.
‘तुम्बाड 2’ और ‘लव एंड वॉर’ में आएंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट जल्द ही सोहम शाह के साथ फिल्म ‘तुम्बाड 2’ में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी. इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ का भी हिस्सा हैं. इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और विक्की कौशल दिखाई देंगे.
साल 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाली आलिया के लिए TIME100 Next India की पहली लिस्ट की कवर स्टार बनना उनके करियर की एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान है.
यह भी पढ़ें- Ram Pothineni की फिल्म ‘RAPO 23’ का प्री-लुक जारी, ‘Lone Wolf’ अवतार में दिखे एक्टर, खुद संभाल रहे निर्देशन की कमान
यह भी पढ़ें- अयोध्या से अखिलेश यादव लड़ेंगे चुनाव तो मैं भी भरूंगा पर्चा, योगी आदित्यनाथ ने दी सीधी चुनौती


