UP Weather Alert: प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में मौसम करवट ले सकता है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है. संबंधित इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ जिलों में भारी बारिश की आशंका भी व्यक्त की गई है, हालांकि यह स्थिति सभी क्षेत्रों में समान रूप से नहीं रहेगी.
दूसरी ओर, पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और फिलहाल यह सिलसिला थमने वाला नहीं दिख रहा. अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. पश्चिमी हिस्सों में बादलों की सक्रियता बढ़ने से रात का तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा रह सकता है, जिससे ठंड का असर और कमजोर पड़ेगा.
बड़े कहते रहे ‘अभी नहीं’, और खुशियां हमेशा के लिए छूटती चली गईं….
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक आगरा और आसपास के जिलों के साथ-साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में हल्की वर्षा के आसार बन रहे हैं. हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. ठंड अब धीरे-धीरे विदा ले रही है और दिन के समय गर्माहट लगातार बढ़ती जा रही है.
राजधानी में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दिन में तेज धूप अब चुभन का अहसास कराने लगी है और फरवरी के मध्य में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है. तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने लोगों को समय से पहले गर्मी का संकेत दे दिया है. सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर महसूस होती है, लेकिन दोपहर में धूप तीखी हो चली है.
इसी बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को आसमान में बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है. हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में बूंदाबांदी की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क ही बना रहेगा. बादलों की हल्की मौजूदगी के बावजूद तापमान में विशेष गिरावट की उम्मीद नहीं है.
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार अगले दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है. विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा, जिससे रातें अपेक्षाकृत गर्म हो सकती हैं. फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं. रविवार को अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री की वृद्धि के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 11.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
अनु रंगीली के इस वीडियो ने एक रात में बना दिया स्टार, लोग पहुंच रहे राजस्थान
प्रदेश में एक ओर जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हवाओं और बूंदाबांदी की संभावना है, वहीं दूसरी ओर अधिकांश क्षेत्रों में दिन का तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास तेज हो रहा है. आने वाले दिनों में ठंड और कम होगी और मौसम का रुख धीरे-धीरे गर्मी की ओर बढ़ता दिखाई देगा.


