India Weather Update (24 February 2026): देश के कई राज्यों में गर्मी ने अब दस्तक दे दी है, लेकिन इसी बीच बारिश और आंधी-तूफान ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार 12 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. वहीं, अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. दूसरी ओर, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट संभव है.
12 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत समेत देश के 12 राज्यों में मौसम खराब हो सकता है. जिन राज्यों में बारिश की संभावना है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र शामिल हैं. 24 फरवरी को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय और तेलंगाना में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं 26 से 28 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 24 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 फरवरी को आसमान साफ रहेगा. सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है. राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 100 से 120 के बीच रहने का अनुमान है. आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में 24 फरवरी को मौसम में हल्का बदलाव संभव है. पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. अमरोहा, बागपत और मुरादाबाद में वर्षा के आसार जताए गए हैं. वहीं गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बस्ती, बलिया, संत कबीर नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही में तापमान बढ़ सकता है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि कानपुर में अधिकतम 29 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार का मौसम
बिहार में 24 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन अधिकांश जिलों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है. जहानाबाद, गया, पटना, सारण, बक्सर, नालंदा, सिवान, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधुबनी, भागलपुर और पूर्णिया में गर्मी का असर बढ़ेगा. पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 फरवरी के बीच बारिश का अलर्ट जारी है. कुल्लू, शिमला, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में वर्षा हो सकती है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है. मनाली में 24 फरवरी को अधिकतम तापमान माइनस 1 डिग्री और न्यूनतम माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है.
उत्तराखंड
उत्तराखंड में भी 26 से 28 फरवरी के बीच बारिश के आसार हैं. नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, टिहरी और अल्मोड़ा में वर्षा की संभावना जताई गई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक घट सकता है. देहरादून में 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
राजस्थान
राजस्थान में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि कई जिलों में तापमान बढ़ सकता है. जयपुर, अजमेर, अलवर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, गंगापुर सिटी, जैसलमेर और अनूपगढ़ में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. जबलपुर, मुरैना, रीवा, कटनी, सागर, सतना, शहडोल, विदिशा, खरगोन और दतिया में वर्षा के आसार हैं. भोपाल में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में 24 फरवरी को बारिश हो सकती है. अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम और शोपियां में वर्षा के आसार हैं. ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी संभव है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस रहेगा. जम्मू और कठुआ में तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है.
PM Vishwakarma Yojana में कौन ले सकता है 3 लाख तक का लोन? पहले चेक करें पात्रता
तमिलनाडु
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पहाड़ी और आसपास के इलाकों में छिटपुट वर्षा की संभावना है.


