Lucknow IT City: एलडीए 28 फरवरी को आईटी सिटी आवासीय योजना लॉन्च करने जा रहा है. योजना की एसओपी तैयार हो चुकी है और बोर्ड बैठक में इसे अंतिम मंजूरी मिलनी तय है. पहले चरण में 35 से 288 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखंड पेश किए जाएंगे. आम नागरिकों के लिए भूखंड की प्रस्तावित कीमत 4,000 रुपये प्रति वर्गफीट रखी गई है.
336 किसानों को मिलेंगे 870 विकसित भूखंड
इस योजना के तहत लैंड पूलिंग नीति अपनाने वाले 336 किसानों को कुल 870 विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे. जिन भू-स्वामियों ने अपनी जमीन योजना के लिए दी है, उन्हें लॉटरी प्रणाली के माध्यम से निश्शुल्क भूखंड दिए जाएंगे. यह कदम किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सीधा लाभ देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यूपी में बनेगा 5757 करोड़ की लागत से नया ग्रीनफील्ड हाईवे, लखनऊ से भोपाल की दूरी होगी कम!
सुल्तानपुर रोड पर 3490 एकड़ में विकसित हो रही आईटी सिटी
Sultanpur Road पर लगभग 3490 एकड़ क्षेत्र में आईटी सिटी योजना विकसित की जा रही है. यह परियोजना मोहनलालगंज तहसील के कई गांवों बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा की भूमि पर आकार ले रही है.
लैंड पूलिंग, अर्जन और सहमति से भूमि जुटाव
एलडीए बोर्ड के निर्णय के अनुसार योजना के लिए भूमि जुटाने का कार्य लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन और आपसी सहमति से क्रय के आधार पर किया जा रहा है. जिन किसानों ने लैंड पूलिंग एग्रीमेंट किया है, उन्हें योजना क्षेत्र में ही विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे. इससे पारदर्शिता और सहभागिता आधारित विकास मॉडल को बढ़ावा मिल रहा है.
सेक्टर 15 से 18 में नियोजित होंगे भूखंड
योजना के अंतर्गत सेक्टर-15, 16, 17 और 18 में आवासीय भूखंड विकसित किए जा रहे हैं. लॉटरी ड्रा का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में भू-स्वामियों की उपस्थिति में किया जाएगा. पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी, जिससे किसानों का भरोसा बना रहे और आवंटन निष्पक्ष तरीके से हो सके.
बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगी योजना की उपयोगिता
आईटी सिटी योजना अपनी उत्कृष्ट रोड कनेक्टिविटी के कारण खास मानी जा रही है. सुल्तानपुर रोड से सीधा जुड़ाव होने के चलते यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है. लैंड पूलिंग करने वाले भू-स्वामियों को भूखंड आवंटन के बाद आम लोगों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे शहर में सुनियोजित आवासीय विस्तार को नई दिशा मिलेगी.


