Aaj Ka Mausam 8 March: दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेजी पकड़ ली है और मौसम का मिजाज जून जैसा महसूस होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, 8 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तेज धूप और बढ़ते तापमान की वजह से लोगों को समय से पहले गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
दिल्ली में मार्च के पहले सप्ताह में असामान्य रूप से गर्म मौसम देखने को मिला. शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले सफदरजंग स्थित आधार मौसम केंद्र में मार्च के पहले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 34.8 डिग्री सेल्सियस था, जो 5 मार्च 1999 को दर्ज किया गया था.
चारधाम यात्रा पर जाने वाले ध्यान दें, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी एंट्री, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है. कई इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा पहुंच गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि 10 से 12 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.
देश के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो 8 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम 18°C रहने का अनुमान है. मुंबई में अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 23°C, कोलकाता में 34°C और 22°C, चेन्नई में 36°C और 25°C, लखनऊ में 35°C और 18°C, पटना में 34°C और 22°C, रांची में 32°C और 19°C, भोपाल में 34°C और 15°C रहने की संभावना है. वहीं जयपुर में अधिकतम तापमान 38°C तक पहुंच सकता है. पहाड़ी इलाकों में शिमला में 25°C और नैनीताल में 22°C अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है.
बिहार में मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च को गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. वहीं हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक दिन का तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है और 8 से 13 मार्च के बीच कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है. लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. हालांकि 9 और 10 मार्च के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 11 मार्च के बीच सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी ला सकता है. इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, जबकि कई राज्यों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है.


