संभल: कड़ी मेहनत और लगन से सपनों को सच करने की मिसाल चंदौसी के पंजाबी कॉलोनी निवासी देव डुडेजा ने पेश की है. चाय विक्रेता के बेटे देव डुडेजा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की सिविल सेवा परीक्षा में 152वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर परिवार और शहर का नाम रोशन कर दिया. उनकी इस सफलता से परिवार और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है.
देव डुडेजा के पिता इंद्रमोहन डुडेजा अपने बड़े भाइयों प्रेम डुडेजा और ब्रजमोहन डुडेजा के साथ एसएम डिग्री कॉलेज के सामने चाय की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां चंद्रप्रभा सरकारी स्कूल में सहायक अध्यापिका हैं. साधारण परिवार से आने वाले देव ने कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है.
चपरासी की बेटी ने रचा इतिहास, बुलंदशहर की शिखा ने UPSC में हासिल की 113वीं रैंक
देव डुडेजा को यह सफलता चौथे प्रयास में मिली है. इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 327वीं रैंक हासिल की थी, जिसके आधार पर उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में हुआ था. फिलहाल वह नागपुर में ट्रेनिंग कर रहे हैं. ट्रेनिंग के दौरान ही उन्होंने एक बार फिर परीक्षा दी और इस बार 152वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया.
देव डुडेजा की कहां से शुरू हुई पढ़ाई?
देव ने वर्ष 2018 में आरआरके स्कूल से पीसीएम ग्रुप से इंटरमीडिएट पास किया था. इसके बाद उन्होंने 2021 में दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया और इसी दौरान यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी. उन्होंने दिल्ली के बाजीराम कोचिंग सेंटर से मार्गदर्शन लिया. 2022 में उन्होंने यूपीएससी मेन्स परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया. इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और तैयारी जारी रखी.
वर्ष 2023 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू की. जून 2024 में प्रीलिम्स, सितंबर में मेन्स और मार्च 2025 में इंटरव्यू देने के बाद उन्हें 327वीं रैंक मिली थी. इसके बाद नागपुर में ट्रेनिंग के दौरान चौथे प्रयास की तैयारी जारी रखी और 11 फरवरी 2026 को दिल्ली में इंटरव्यू दिया. शुक्रवार को परिणाम घोषित होने पर उन्होंने 152वीं रैंक हासिल कर नई सफलता हासिल की.
UGC Regulation को लेकर आजमगढ़ में गरमाई राजनीति, धर्मेंद्र यादव से संसद में आवाज उठाने की मांग
देव के छोटे भाई संकेत डुडेजा हिंदू कॉलेज मुरादाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं. देव को खाने में राजमा-चावल पसंद है और खाली समय में उन्हें क्रिकेट खेलना अच्छा लगता है. देव डुडेजा का कहना है कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए एकाग्रता और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी है. उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और लगातार मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.


