Aaj Ka Mausam 9 March: मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है. मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है.
हालांकि बढ़ती गर्मी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम में बदलाव ला सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इस दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
Weekly Rashifal 9-15 March 2026: मार्च का यह सप्ताह रहेगा खास! जानिए आपकी राशि के लिए कैसा रहेगा समय
मौसम विभाग ने 9 से 14 मार्च के बीच कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है. इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं. इन राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है.
दूसरी ओर देश के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई है. IMD के अनुसार विदर्भ, पश्चिम राजस्थान और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में 8 से 12 मार्च के बीच हीटवेव चलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अभी से एसी और कूलर की तैयारी करने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक दिल्ली में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों की तरह यहां भी 10 मार्च तक दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है. मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और सामान्य गति से हवाएं चलेंगी. कुल मिलाकर प्रदेश में आने वाले तीन दिनों के दौरान गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है.
बिहार में बारिश और तेज हवाओं के आसार
बिहार में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है. राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के समय तापमान बढ़ने के कारण लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं. IMD के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है. साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में हीटवेव का खतरा
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 मार्च के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. अगले कुछ दिनों तक राज्य में तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है.


