Mahakumbh Viral Girl Monalisa News: महाकुंभ के दौरान वायरल हुईं मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं. इस बार वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ शादी कर ली है. यह विवाह बुधवार को केरल के अरुमानूर मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. शादी के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में फैंस, मीडिया प्रतिनिधि और कई राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं. विवाह की रस्में पूरी होने के बाद नवविवाहित जोड़े ने मंदिर में भगवान के सामने माथा टेका और पुजारी से आशीर्वाद लिया.
इस शादी में केरल सरकार के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सीपीएम के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन और सांसद ए. ए. रहीम भी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान सांसद ए. ए. रहीम ने इस विवाह को केरल की सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि शादियां स्वर्ग में तय होती हैं और वह स्वर्ग केरल है. उन्होंने यह भी कहा कि वे इस खास अवसर पर इस जोड़े के उत्सव में शामिल होने आए हैं. वहीं शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी इस मौके को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि यही असली “केरल स्टोरी” है, जो राज्य की सामाजिक सद्भावना की परंपरा को दर्शाती है.
पानी में मोनालिसा का हॉट अंदाज, ब्लैक पूल ड्रेस में फोटोज देख फैंस हुए दीवाने
शादी के दौरान मोनालिसा का ब्राइडल लुक भी काफी चर्चा में रहा. उन्होंने लाल रंग की साड़ी पहनी थी और लाल रंग की वरमाला धारण की थी. मांग में सिंदूर और गले में नेकलेस के साथ उनका पारंपरिक रूप बेहद आकर्षक लग रहा था. उन्होंने साइड-पार्टेड हेयरस्टाइल रखा था, जिससे उनका लुक और निखर रहा था. वहीं दूल्हे फरमान खान ने सफेद शर्ट और पारंपरिक मुंडू पहन रखा था. दोनों साथ-साथ चलते हुए बेहद खुश नजर आए.
बताया जाता है कि मोनालिसा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, जबकि फरमान खान महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं. दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे. हालांकि, उनके परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे. जब परिवार ने उनके प्रेम और शादी का विरोध किया, तब दोनों केरल पहुंचे और वहां शरण ली. मोनालिसा ने सुरक्षा की मांग करते हुए तिरुवनंतपुरम के थंपनूर पुलिस स्टेशन से संपर्क भी किया था.
इससे पहले मोनालिसा अपने प्रेमी फरमान के साथ तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं और पुलिस को बताया था कि उनके पिता विजय सिंह भोसले उन पर अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करने का दबाव बना रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई क्योंकि शारीरिक उत्पीड़न का आरोप नहीं लगाया गया था. पुलिस ने स्थिति की जांच कर यह स्पष्ट किया कि मोनालिसा बालिग हैं और उन्हें अपनी पसंद से शादी करने का कानूनी अधिकार है. यह बात उनके पिता को भी बता दी गई थी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था और शुरुआत में दावा किया था कि वह नाबालिग हैं. हालांकि पुलिस जांच में पुष्टि हुई कि उनकी उम्र 18 वर्ष है. बताया जाता है कि उनके पिता उन्हें वापस ले जाने के लिए केरल भी पहुंचे थे, लेकिन मोनालिसा ने उनके साथ हवाई अड्डे जाने से साफ इनकार कर दिया.
मोनालिसा पहली बार उस समय चर्चा में आई थीं जब महाकुंभ मेले के दौरान उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी. उस समय वह माला बेचती नजर आई थीं और उसी तस्वीर के वायरल होने के बाद वह रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बन गई थीं. इसके बाद उनकी किस्मत पूरी तरह बदल गई. उन्हें फिल्मों में काम करने के अवसर मिलने लगे, कई बड़े ब्रांड्स के लिए फोटोशूट किए और म्यूजिक वीडियो में भी नजर आईं.
ईरान युद्ध के बीच भारत में LPG अलर्ट! सिलेंडर बुकिंग नियम बदला, जानिए नया नियम
वर्कफ्रंट की बात करें तो मोनालिसा जल्द ही फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” में नजर आने वाली हैं. यह उनकी डेब्यू फिल्म है, जिसका ट्रेलर फरवरी 2026 में रिलीज किया गया था. इस फिल्म के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है और फैंस भी इसे लेकर काफी उत्साहित हैं. इसके अलावा वह पूवर में निर्देशक पी. बिनु वर्गीज की मलयालम फिल्म “नगम्मा” की शूटिंग भी कर रही हैं.


