मुंबई: AI के गलत इस्तेमाल को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने अब खुलकर अपनी बात रखी है. अभिनेत्री ने अपनी फिल्म Devara: Part 1 के गाने ‘Chuttamalle’ से जुड़े कथित AI-मॉर्फ्ड वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद परेशान करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि किसी महिला की तस्वीर या वीडियो के साथ उसकी सहमति के बिना छेड़छाड़ करना और काल्पनिक कंटेंट फैलाना ‘बेहद उल्लंघनकारी और यौन उत्पीड़न की सीमा तक पहुंचने वाला’ है.
जाह्नवी ने यह बात इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कही. उन्होंने इस मुद्दे पर आवाज उठाने के लिए अपने को-स्टार जूनियर एनटीआर के साथ-साथ अभिनेता चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर का आभार जताया.
यह भी पढ़ें- जहां देश की सीमा, वहीं सरकार की बैठक… चंपावत में पहली बार कैबिनेट जुटी, धामी ने दिया बड़ा संदेश
सहमति और महिला के शरीर का सम्मान बुनियादी बात है
जाह्नवी ने कहा कि यह मुद्दा केवल पिछले कुछ दिनों में सामने आए AI वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सामने लंबे समय से मौजूद एक बड़ी सामाजिक समस्या का हिस्सा है.
उन्होंने कहा कि किसी महिला की सहमति, उसकी पसंद और उसके शरीर का सम्मान इंसानियत की सबसे बुनियादी बातों में होना चाहिए. अभिनेत्री ने कहा कि अगर कोई महिला किसी दिन अपनी सहमति देती है और दूसरे दिन मना करती है, तो उसके ‘न’ का सम्मान किया जाना चाहिए. उनके मुताबिक, इसे समझने के लिए किसी जटिल व्याख्या की जरूरत नहीं होनी चाहिए.
महिलाओं की सुरक्षा का खतरा अब डिजिटल दुनिया तक पहुंच गया
जाह्नवी ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में इस तरह की परिस्थितियों का सामना किया है. उन्होंने इस पूरे मुद्दे को महिलाओं की सुरक्षा, समाज की नजर और उनकी निजी सीमाओं से जोड़ते हुए कहा कि महिलाओं के सामने मौजूद खतरा अब डिजिटल दुनिया तक भी फैल गया है.
उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर बार सिर्फ अपनी बेटियों को सुरक्षित रहने की सलाह देने के बजाय समाज को यह समझने की जरूरत है कि महिलाओं की सीमाओं और उनकी सहमति का सम्मान करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है.
जूनियर एनटीआर को खास तौर पर कहा शुक्रिया
जाह्नवी ने AI के कथित दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जूनियर एनटीआर की विशेष रूप से तारीफ की. उन्होंने कहा कि जब कोई ऐसा सार्वजनिक व्यक्ति, जिसे लाखों लोग पसंद करते हैं, किसी ऐसे मुद्दे पर आवाज उठाता है जो सीधे तौर पर उसका निजी मामला नहीं है, तो इससे उन महिलाओं को ताकत मिलती है जिन्होंने कभी न कभी इस तरह के व्यवहार का सामना किया है.
जाह्नवी ने चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर को भी समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया.
जूनियर एनटीआर ने कहा था-घिनौना और शर्मनाक
इससे पहले जूनियर एनटीआर ने Chuttamalle से जुड़े कथित मॉर्फ्ड वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई थी. उन्होंने AI के जरिए महिला को अपमानित करने वाले कंटेंट को “घिनौना, बीमार मानसिकता वाला और शर्मनाक” बताया था.
उन्होंने कहा था कि इस तरह की तकनीक के इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
चिरंजीवी और विजय देवरकोंडा भी आए समर्थन में
अभिनेता चिरंजीवी ने भी AI के जरिए महिलाओं के आपत्तिजनक और मॉर्फ्ड वीडियो बनाए जाने की कड़ी निंदा की थी. उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति या फिल्म का मामला नहीं है और फिल्म इंडस्ट्री को साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए.
वहीं, विजय देवरकोंडा ने भी ऐसे कंटेंट के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर समाज किस दिशा में जा रहा है और लोग किसी दूसरे व्यक्ति को अपमानित करने में आनंद क्यों लेने लगे हैं.
जाह्नवी की इस प्रतिक्रिया ने AI के बढ़ते दुरुपयोग, डिजिटल सहमति और महिलाओं की निजता से जुड़े सवालों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनेगा फ्लाईओवर-अंडरपास, गुरुग्राम में इन इलाकों को मिलेगी जाम से राहत


