UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. बुधवार शाम से ही प्रदेश के पश्चिमी जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में देर शाम झोंकेदार हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई.
तेज हवाओं का असर, 21 मार्च तक सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला यह मौसम 21 मार्च तक सक्रिय रहेगा. गुरुवार को पूरे प्रदेश में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
शिवभक्तों के लिए खुशखबरी! इस तारीख से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा, जानिए पूरी जानकारी
तापमान में गिरावट के संकेत
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है.
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्यांचल के 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अलावा सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर सहित कुछ जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 19 मार्च से शुरू हुआ यह मौसम बदलाव 20 मार्च को और अधिक प्रभावी होगा. इस दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल सकती है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, फिरोजाबाद और बिजनौर जैसे जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका
इसके अलावा सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद और बरेली समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात के आसार हैं.
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.


