Rajasthan Weather: प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलेगा, जिसके चलते कई संभागों में मौसम अस्थिर बना रहेगा.
मौसम केंद्र जयपुर, IMD के अनुसार आज जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन के साथ आँधी चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. साथ ही कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की जा सकती है.
2 अप्रैल से बदलेगी किस्मत! मंगल-शनि की युति से इन राशियों के खुलेंगे भाग्य
इससे पहले 28 मार्च को भी पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद कहीं-कहीं आँधी और बारिश देखने को मिली थी. अब 29 मार्च को इस सिस्टम का असर और ज्यादा व्यापक और तीव्र होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 31 मार्च तक प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा. इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. इसके बाद अप्रैल के पहले सप्ताह में भी एक-दो बार नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी.
इधर मौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष सलाह भी जारी की है. विभाग का कहना है कि खुले आसमान में पक कर तैयार फसलें, कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज और जिन्सों को तुरंत ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें. ऐसा नहीं करने पर तेज हवा और बारिश से फसलों और अनाज को नुकसान हो सकता है.
मौसम विभाग ने लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर तेज हवा और मेघगर्जन के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की अपील की गई है.
घर की नकारात्मक ऊर्जा कैसे दूर करें? कानपुर के पंडित दिनेश ने बताए आसान उपाय
29 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा, जिससे गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन आँधी और बारिश के कारण सावधानी बरतना जरूरी होगा.


