UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का बदलाव शुरू होगा और धीरे-धीरे यह प्रभाव शनिवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा. इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
यूपी में किसानों के लिए बड़ा फैसला, अब एक रजिस्ट्रेशन से मिलेंगी सभी योजनाओं का लाभ
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 18 जिलों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं शुक्रवार और शनिवार के बीच कुछ इलाकों में वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. अनुमान है कि लगभग 11 जिलों में ओले गिर सकते हैं, जिससे फसलों और जनजीवन पर असर पड़ सकता है.
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जो अचानक मौसम को और अधिक प्रभावित कर सकती हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
जिन जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, महोबा, झांसी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और ललितपुर शामिल हैं. इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ जगहों पर तेज गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है, जिसका असर उत्तर प्रदेश में भी साफ तौर पर देखने को मिलेगा. फिलहाल लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि जैसी घटनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं.
शुक्रवार और शनिवार को उत्तर प्रदेश में मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है. ऐसे में किसानों और आम लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, खासकर उन इलाकों में जहां ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.


