Rajasthan Weather Update: राजस्थान में 15 अप्रैल को मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और पूरे दिन तेज धूप के कारण गर्मी का असर साफ तौर पर देखने को मिला. राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को अप्रैल के मध्य में ही तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3 से 4 दिनों में तापमान में और 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती है.
जयपुर मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई. साफ आसमान और तेज धूप की वजह से दिनभर तापमान लगातार बढ़ता रहा. इस कारण दिन के समय लू जैसी स्थिति महसूस होने लगी है, खासकर पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में गर्मी का असर अधिक देखा गया.
पूर्वांचल से बंगाल तक तरक्की की रफ्तार! अब 14 नहीं, सिर्फ 6-7 घंटे में तय होगा सफर
बीते प्रमुख शहरों का अधिकत तापमान
यदि प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें तो बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा जैसलमेर में 41.7°C, चित्तौड़गढ़ और फलोदी में 41.6°C, जोधपुर में 41.4°C और कोटा में 41.1°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. श्रीगंगानगर (40.7°C), बीकानेर (40.6°C) और चूरू (40.6°C) भी 40 डिग्री के पार रहे. वहीं उदयपुर में 39.5°C, अलवर में 39.4°C और जयपुर में 39.2°C तापमान दर्ज किया गया. अपेक्षाकृत कम तापमान अजमेर (38.8°C) और सीकर (37.5°C) में दर्ज हुआ.
रात के तापमान में थोड़ी राहत जरूर देखने को मिली. सीकर में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात के समय मौसम कुछ हद तक सुहावना रहा. हालांकि, कई शहरों में शाम के बाद भी गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को पूरी राहत नहीं मिल सकी.
राजस्थान में हीटवेव की आशंका
मौसम विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा और आसमान साफ रहने की उम्मीद है. लगातार बढ़ते तापमान के चलते हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई जा रही है, विशेषकर पश्चिमी और रेगिस्तानी क्षेत्रों में. ऐसी परिस्थितियों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
बस स्टैंड नहीं, अब बनेंगे स्मार्ट ट्रैवल हब! 49 बस स्टेशनों की बदलेगी सूरत, योगी सरकार का बड़ा दांव
विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के समय, खासकर दोपहर में, बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचना चाहिए. शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करना जरूरी है. हल्के और ढीले कपड़े पहनना, सिर को ढककर रखना और धूप से बचाव करना भी बेहद जरूरी है. आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं, इसलिए अभी से सतर्क रहना और जरूरी एहतियात अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है.


