UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है. खासकर बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के कई जिले इस समय भीषण लू और झुलसाने वाली गर्म हवाओं की चपेट में हैं. तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 मई के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी और कई जिलों में भीषण गर्मी का असर और अधिक तेज हो सकता है.
क्या अब कम बिजली खर्च करने पर भी ज्यादा बिल आएगा?
33 जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 33 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. विभाग का कहना है कि दिन के समय तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा सकती है.
बांदा बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर
रविवार को बांदा उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने लोगों को बेहाल कर दिया. इसके अलावा झांसी में 44.6 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 44.5 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं उरई में पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. कई इलाकों में सड़कें दोपहर के समय लगभग खाली नजर आईं.
इन जिलों में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी जारी की है.
जब DM-SP साइकिल से पहुंचे ऑफिस… Collectorate के बाहर रह गईं गाड़ियां
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आने वाले दिनों में प्रदेश में बिजली और पानी की मांग भी बढ़ सकती है.
aa

