Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है. वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
राजस्थान की रॉयल ज्वेलरी का नया ट्रेंड, कम बजट में पाएं शाही और स्टाइलिश लुक
इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. कई इलाकों में बिजली गिरने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तरपूर्वी बिहार के निचले क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसी वजह से कई राज्यों में मौसम अचानक बदलने की संभावना बनी हुई है.
दिल्ली में बारिश और आंधी का अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18 मई को तेज बारिश और आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के बीच लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ सकता है.
उत्तर प्रदेश में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है. मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बांदा, हमीरपुर, झांसी और बिजनौर समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है. इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
बिहार में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है. भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.
पटना में 18 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
झारखंड में तेज हवा और बारिश का खतरा
झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, सरायकेला, गिरिडीह, दुमका, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल में भी बिगड़ेगा मौसम
पश्चिम बंगाल के नादिया, दार्जिलिंग, हुगली, मालदा, मुर्शिदाबाद, नॉर्थ 24 परगना, जलपाईगुड़ी, दुर्गापुर और उत्तर दिनाजपुर में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कोलकाता में 18 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
उत्तराखंड और हिमाचल में भी मौसम बदलेगा
उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, अल्मोड़ा और उधमसिंह नगर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर और चंबा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का खतरा
जहां कई राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा, वहीं पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी. पंजाब के अमृतसर, रूपनगर, गुरदासपुर, पटियाला, मोहाली, कपूरथला, संगरूर, बठिंडा और मुक्तसर में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग ने 25 मई के बाद बारिश शुरू होने की उम्मीद जताई है, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है.
राजस्थान के जैसलमेर, कोटा, सवाई माधोपुर, बीकानेर, बांसवाड़ा, अजमेर, अनूपगढ़, अलवर, भरतपुर, करौली, सीकर और जोधपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल, दमोह, रतलाम, सतना, गुना, उज्जैन, छतरपुर, खंडवा, बालाघाट, विदिशा, रीवा और हर्दा में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है. भोपाल में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
क्या Rooftop Solar लगवाना सच में फायदे का सौदा है? पूरा हिसाब समझिए
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. वहीं जिन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है वहां लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है.
aa

