नई दिल्ली: नोएडा और दिल्ली के बीच मेट्रो से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब यात्रियों को नोएडा और दिल्ली मेट्रो के लिए अलग-अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड यानी NCMC लॉन्च कर दिया है. इस कार्ड से यात्री नोएडा मेट्रो की Aqua Line के साथ दिल्ली मेट्रो की Blue Line पर भी यात्रा कर सकेंगे. यह कार्ड देश के उन अन्य मेट्रो नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा, जहां NCMC की सुविधा उपलब्ध है.
Raksha Bandhan 2026: बहनों के लिए खुशखबरी, यूपी रोडवेज बसों में 3 दिन मुफ्त सफर; बढ़ेंगे फेरे
300 रुपये में बनेगा NCMC कार्ड
NCMC कार्ड नोएडा मेट्रो के सभी 21 स्टेशनों के काउंटर से बनवाया जा सकता है. इसके लिए यात्रियों को 300 रुपये देने होंगे. इसमें 100 रुपये कार्ड की कीमत और 200 रुपये का शुरुआती टॉपअप शामिल है. कार्ड बनवाने के लिए मोबाइल नंबर देना होगा. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करने के बाद करीब 5 मिनट में कार्ड मिल जाएगा. इस कार्ड में अधिकतम 2,000 रुपये तक का रिचार्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम रिचार्ज 200 रुपये का होगा. NCMC कार्ड की वैधता चार साल रहेगी.
एक कार्ड से Aqua और Blue Line पर सफर
NCMC की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्री इससे नोएडा मेट्रो की Aqua Line और दिल्ली मेट्रो की Blue Line पर सफर कर सकेंगे. इसके अलावा NCMC स्वीकार करने वाले अन्य मेट्रो नेटवर्क और सिटी बस जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा. वहीं, दिल्ली मेट्रो के NCMC कार्ड से अब नोएडा मेट्रो में भी यात्रा की जा सकेगी. इससे दोनों शहरों के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को खासा फायदा होगा.
पहले ही बिक चुके हैं 88 हजार से ज्यादा कार्ड
NMRC ने आधिकारिक लॉन्च से पहले ही NCMC कार्ड की बिक्री शुरू कर दी थी. अब तक 88 हजार से अधिक कार्ड बेचे जा चुके हैं. शनिवार से यात्रियों ने इन कार्ड के जरिए नोएडा और दिल्ली मेट्रो में सफर करना शुरू कर दिया है. NMRC के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए मेट्रो में लगातार नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं. स्टेशनों पर पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) भी शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों के आने-जाने की जानकारी मिल सकेगी.
पुराना नोएडा मेट्रो कार्ड होगा मुफ्त में अपग्रेड
अगर आपके पास पहले से नोएडा मेट्रो का पुराना कार्ड है तो उसे NCMC कार्ड में अपग्रेड कराया जा सकता है. इसके लिए यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा. हालांकि, जो यात्री NCMC कार्ड नहीं लेना चाहते, वे पहले की तरह सामान्य टिकट लेकर भी मेट्रो में सफर कर सकेंगे.
‘आरामदायक’ दिखने वाले क्रॉक्स बच्चों के विकास के लिए क्यों हैं खतरनाक?
WhatsApp से भी मिलेगा मेट्रो टिकट
यात्रियों की सुविधा के लिए WhatsApp से मेट्रो टिकट लेने की सुविधा भी शुरू की गई है. इसके लिए 9599030188 नंबर पर WhatsApp के जरिए ‘Hi’ भेजना होगा. इसके बाद शुरुआती और गंतव्य स्टेशन चुनकर UPI से भुगतान किया जा सकेगा. भुगतान पूरा होने के बाद यात्री को WhatsApp पर ही QR टिकट मिल जाएगा. इस नई सुविधा से नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए यात्रा ज्यादा आसान होगी और अलग-अलग मेट्रो कार्ड रखने की परेशानी भी खत्म होगी.


