Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है. एक ओर कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. अगले 2 से 3 दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
IMD के अनुसार मानसून की सक्रियता बढ़ने से केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कई क्षेत्रों में जलभराव और तेज हवाओं की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है. वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा.
भारत की Copper Industry में शुरू हुआ नया विवाद
दिल्ली में गर्मी से राहत नहीं
दिल्ली में 23 मई से 26 मई तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने राजधानी में लू का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आसमान साफ रहेगा, लेकिन 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
यूपी में हीटवेव का प्रकोप तेज
उत्तर प्रदेश में 23 से 28 मई तक भीषण लू का असर बने रहने की संभावना है. बांदा, चित्रकूट, महोबा, राठ, कानपुर, फतेहपुर, उन्नाव, इटावा, कन्नौज और मिर्जापुर समेत कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, भदोही, अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, सुल्तानपुर और बाराबंकी में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है.
गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित
प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. रात के समय भी तापमान अधिक बना रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है.
बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार में 23 से 28 मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना जताई है. 25 मई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. राजधानी पटना में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. वहीं दरभंगा, मधुबनी, गया, भागलपुर और पूर्णिया जिलों में 24 और 25 मई को तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है.
पंजाब में बारिश और गर्म हवाओं का असर
पंजाब के अमृतसर और पठानकोट में 23 मई को हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान पठानकोट में 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं लुधियाना, पटियाला, मोहाली, बठिंडा और फाजिल्का में गर्म हवाओं और लू का असर बना रहेगा.
उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम बदलेगा
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. नैनीताल में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गर्मी के साथ धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. वहीं पिथौरागढ़ और चमोली जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश के शिमला में 23 मई को बारिश और गरज-चमक हो सकती है. कांगड़ा में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मंडी और कुल्लू में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि मनाली और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है.
राजस्थान में लू और धूल भरी आंधी का खतरा
राजस्थान में गर्म हवाओं और लू का असर लगातार बना हुआ है. जयपुर में गर्मी का प्रकोप जारी है, जबकि जैसलमेर में 24 से 28 मई के बीच भीषण लू चल सकती है. बीकानेर और बाड़मेर में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. वहीं कोटा और श्रीगंगानगर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है.
झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
झारखंड में 23 से 28 मई के बीच कई जिलों में गरज-चमक और बारिश हो सकती है. रांची में 24 और 25 मई को तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने का अनुमान है. वहीं जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग में भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
Faridabad को मिलेगा Delhi-Dehradun Expressway से बड़ा कनेक्शन
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी है. वहीं बारिश और आंधी वाले क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है.
aa

