UKPSC PCS 2024 Final Result: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. लंबे इंतजार के बाद जारी हुए इस परिणाम में प्रदेश को 9 नए डिप्टी कलेक्टर और 10 नए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मिले हैं. इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष पदों पर अपना दबदबा कायम रखा है.
पीसीएस-2024 परीक्षा में जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल कर प्रदेश में टॉप किया, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं. खास बात यह है कि डिप्टी कलेक्टर के 9 पदों में से 4 और पुलिस उपाधीक्षक के 10 पदों में से 5 पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है.
अब UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा! EPFO ला रहा बड़ा बदलाव, मिनटों में खाते में आएगा फंड
इंटरव्यू और मेडिकल के बाद जारी हुआ अंतिम परिणाम
आयोग के अनुसार, 1 दिसंबर 2025 को घोषित संशोधित मुख्य परीक्षा परिणाम के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी. मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 27 मार्च 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण आयोजित किए गए. सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई.
डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित अभ्यर्थी
डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित 9 अभ्यर्थियों में जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियान, विरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं. इन अभ्यर्थियों ने कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार कर राज्य प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है.
पुलिस उपाधीक्षक पद पर 10 अभ्यर्थी सफल
गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद के लिए कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इनमें अदिति पुनेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी शामिल हैं. चयनित अभ्यर्थियों को अब उत्तराखंड पुलिस सेवा में अधिकारी के रूप में नियुक्ति मिलेगी.
बेटियों ने फिर बढ़ाया प्रदेश का मान
पीसीएस-2024 के परिणाम की सबसे बड़ी विशेषता महिलाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा. जसमीत कौर और वर्षा जोशी ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड की बेटियां प्रशासनिक सेवाओं में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं.
हजारों में चुनिंदा अभ्यर्थियों को मिली सफलता
उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. हर वर्ष हजारों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन तक बहुत कम उम्मीदवार पहुंच पाते हैं. इस वर्ष चयनित अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा, साक्षात्कार, मेडिकल और अन्य आवश्यक परीक्षणों को सफलतापूर्वक पार कर प्रशासनिक सेवा में जाने का अपना सपना साकार किया है.


