लखनऊ: अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) सतीश महाना का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल हो रहे मात्र 14 सेकंड के एक वीडियो क्लिप में सतीश महाना यह कहते नजर आ रहे हैं कि राम मंदिर से सिर्फ उन्हीं लोगों का धन चोरी हुआ है जिन्होंने श्रद्धा भाव से चढ़ावा नहीं चढ़ाया था. सतीश महाना ने बयान में कहा कि राम मंदिर से उनका ही धन चोरी हुआ है जिसने श्रद्धाभाव से चढ़ावा नहीं दिया है. हमारा पैसा चोरी नहीं हुआ, हमारा पैसा मंदिर में लगा है और आज मंदिर का भव्य स्वरूप इसका जीता-जागता प्रमाण है.
‘मेरी किसी पत्नी ने धर्म नहीं बदला…’ ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर आमिर खान का बड़ा बयान
‘चंदा वापस चाहिए तो मैं अपनी जेब से देने को तैयार हूं’
इस मामले में सतीश महाना का एक विस्तृत वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे विरोधियों और सवाल उठाने वालों पर तीखा तंज कसते नजर आ रहे हैं. महाना ने कहा कि जिन्हें मंदिर में दिए गए चंदे की चिंता है और जो सवाल उठा रहे हैं, अगर वे अपना चंदा वापस चाहते हैं तो वे एक रामभक्त होने के नाते उनका पैसा अपने पास से लौटाने के लिए तैयार हैं.
विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर आंदोलन के इतिहास को याद करते हुए कहा कि करोड़ों रामभक्तों ने 500 सालों तक चले इस संघर्ष के बाद श्रद्धापूर्वक अपनी समर्पण राशि दी है. भगवान का दिया हुआ ही भगवान के चरणों में समर्पित किया गया है.
मेरे जैसे करोड़ों लोगों की छोटी-छोटी समर्पण राशि से ही आज इतना दिव्य और भव्य मंदिर खड़ा हुआ है, जो सबके सामने है. महाना ने निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज चंदे पर सवाल उठा रहे हैं, वे वही लोग हैं जो बाबरी ढांचे को गिराए जाने के विरोध में थे. अगर वे राम मंदिर बनवाने के लिए पदयात्रा करते तो ज्यादा अच्छा होता.
‘पाप करने वालों को कानून देगा सजा’
दान चोरी के आरोपियों पर सख्त रुख अपनाते हुए सतीश महाना ने स्पष्ट किया कि जो लोग इस चोरी में पकड़े गए हैं और जिन्होंने यह पाप किया है, उन्हें कानून कड़ी से कड़ी सजा देगा. ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
अलीगढ़ को मिली 33.38 KM रिंग रोड की सौगात, 37 गांवों से गुजरेगा हाईवे; जाम से मिलेगी राहत
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, लोगों ने किया ट्रोल
सतीश महाना के इस 14 सेकंड के वीडियो क्लिप के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की तल्ख प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. बड़ी संख्या में नेटिजन्स ने विधानसभा अध्यक्ष के इस तर्क पर तीखा प्रहार किया है और उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है. लोगों का कहना है कि चोरी तो चोरी होती है, उसे श्रद्धा और बिना श्रद्धा के चंदे में नहीं बांटा जा सकता. वहीं दूसरी ओर, इक्का-दुक्का समर्थकों ने महाना के बयान का बचाव करते हुए कहा है कि उनके बयान का संदर्भ मंदिर के भव्य निर्माण और आस्था से जुड़ा था, जिसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है.


