Mithapur-Sipara elevated road: बिहार की राजधानी पटना में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में शुक्रवार को दो अहम परियोजनाओं की शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कारबिगहिया-मिठापुर फ्लाईओवर के पहले चरण और 2.1 किलोमीटर लंबे मिठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड का उद्घाटन किया. इन परियोजनाओं के शुरू होने से मिठापुर, कारबिगहिया, स्टेशन रोड और सिपारा इलाके में ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने पैदल और वाहन से नवनिर्मित फ्लाईओवर का निरीक्षण किया और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया.
गंगा-यमुना एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे, फिल्म सिटी के पास बनेगा इंटरचेंज; 8,586 करोड़ की है परियोजना
249 करोड़ रुपये की लागत से बना फ्लाईओवर
कारबिगहिया-मिठापुर फ्लाईओवर का निर्माण करीब 249 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. इसमें अप्रोच रोड और सर्विस रोड भी शामिल हैं. यह सड़क व्यवस्था मिठापुर बस स्टैंड को नए कारबिगहिया गोलंबर के रास्ते मिठापुर गोलंबर से जोड़ती है. नवनिर्मित कारबिगहिया गोलंबर से इलाके में ट्रैफिक का दबाव कम होने और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है.
मिठापुर से सिपारा तक 2.1 किमी एलिवेटेड रोड
मुख्यमंत्री ने मिठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत मिठापुर से सिपारा के बीच बने 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का भी उद्घाटन किया. इस एलिवेटेड कॉरिडोर से मिठापुर-सिपारा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है. साथ ही महुली के रास्ते पुनपुन की ओर जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जाने वालों को बड़ी राहत
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कारबिगहिया-मिठापुर फ्लाईओवर शुरू होने से पटना रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा. मिठापुर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों के लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. उन्होंने कहा कि मिठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान होगा. एलिवेटेड रोड के कारण प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
राखी ऐड के ट्रोल्स को कृति सेनन का करारा जवाब, बोलीं- ‘जो मायने रखता है, हम उस पर ध्यान दे रहे हैं’
पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को मिलेगी रफ्तार
दोनों परियोजनाओं को राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इनके शुरू होने से मिठापुर, कारबिगहिया, स्टेशन रोड और सिपारा जैसे व्यस्त इलाकों में जाम की समस्या कम होने और यात्रियों को तेज व सुगम सफर मिलने की उम्मीद है. उद्घाटन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सड़क निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई विधायक, विधान पार्षद और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.


