लखनऊ: राजधानी लखनऊ में अपना घर खरीदने का प्लान बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अपने चुनिंदा अपार्टमेंट्स के फ्लैट पर विशेष फेस्टिव ऑफर शुरू किया है. इसके तहत फ्लैट खरीदने वालों को कीमत के आधार पर 1 लाख से लेकर 2 लाख रुपये तक की छूट दी जाएगी. यह ऑफर 4 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक यानी सिर्फ 11 दिनों के लिए लागू रहेगा. LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं.
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर का सपना पूरा करना चाहते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना के तहत उपलब्ध चुनिंदा फ्लैट्स पर यह विशेष छूट दी जा रही है. इस ऑफर का लाभ लेने के लिए इच्छुक खरीदारों को LDA की वेबसाइट के माध्यम से संबंधित अपार्टमेंट में फ्लैट बुक कराना होगा. ऑफर केवल निर्धारित अवधि में की गई बुकिंग पर लागू होगा.
1, 2 और 3 BHK फ्लैट उपलब्ध
LDA के मुताबिक, इस विशेष फेस्टिव ऑफर में 1 BHK, 2 BHK और 3 BHK तक के फ्लैट शामिल हैं. प्राधिकरण का कहना है कि नागरिकों को बेहतर सुविधाओं के साथ अपना घर चुनने का अवसर देने के लिए यह पहल की गई है.
इन अपार्टमेंट्स पर मिलेगा ऑफर
- श्रवण अपार्टमेंट
- सनराइज अपार्टमेंट (मृगशिरा)
- स्मृति अपार्टमेंट
- पूर्वा अपार्टमेंट
फ्लैट की कीमत के हिसाब से मिलेगी छूट
फेस्टिव ऑफर के तहत छूट फ्लैट की कीमत के आधार पर तय की गई है.
20 लाख से 50 लाख रुपये पर 1 लाख रुपये
50 लाख से 75 लाख रुपये पर 1.5 लाख रुपये
75 लाख रुपये से अधिक पर 2 लाख रुपये
यानी 75 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का फ्लैट खरीदने पर ग्राहक को अधिकतम 2 लाख रुपये की सीधी छूट मिल सकती है.
लखनऊ में 6 नई टाउनशिप को भी मंजूरी
इसके अलावा लखनऊ के रियल एस्टेट सेक्टर को लेकर भी बड़ी खबर है. LDA ने छह बिल्डरों की इंटीग्रेटेड टाउनशिप परियोजनाओं की डीपीआर को मंजूरी दे दी है. मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में बाई-सर्कुलेशन हुई प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इन योजनाओं को स्वीकृति दी गई. इन टाउनशिप परियोजनाओं के विकसित होने के बाद राजधानी में बड़ी संख्या में नए प्लॉट, मकान और फ्लैट उपलब्ध होने की उम्मीद है. परियोजनाओं में करीब 50 हजार लोगों के रहने की क्षमता विकसित होने की बात कही गई है. ऐसे में एक तरफ LDA के फेस्टिव ऑफर से मौजूदा फ्लैट खरीदने वालों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं नई टाउनशिप परियोजनाओं से आने वाले समय में लखनऊ में आवासीय विकल्पों का विस्तार होगा.


