Aligarh News: अलीगढ़ शहरवासियों को जल्द ही तीन बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है. मुख्यमंत्री ग्रिड (CM Grid) रामघाट रोड, नौरंगीलाल इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम और बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजनाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है. 6 सितंबर को कमिश्नर ओपी आर्य ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के साथ तीनों परियोजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और बची हुई कमियों को जल्द दूर कर उद्घाटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई से जुड़ेगा नया एक्सप्रेसवे, कल्याण-लातूर कॉरिडोर में बनेगी 8 KM लंबी सुरंग
17.47 करोड़ में तैयार हुई 2.65 किमी लंबी CM ग्रिड रोड
निरीक्षण की शुरुआत CM ग्रिड रामघाट रोड परियोजना पैकेज-1 के फेज-1 से हुई. करीब 17.47 करोड़ रुपये की लागत से मीनाक्षी पुल से क्वारसी थाना तक 2.65 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया है. यह सड़क शहर के वार्ड 33, 49, 53, 74 और 82 से होकर गुजरती है. नई सड़क के बनने से रामघाट रोड पर यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है. इसके साथ ही बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. कमिश्नर ने परियोजना से जुड़ी शेष कमियों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए.
50 करोड़ की लागत से बना नौरंगीलाल इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम
इसके बाद कमिश्नर ने मैरिस रोड और लाल डिकी रोड होते हुए नौरंगीलाल इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया. स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह स्टेडियम लगभग 6000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बना है. स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, लॉकर रूम, अतिथि कक्ष, मीडिया रूम, वीआईपी रूम और खेल कार्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. दर्शकों के लिए दर्शक दीर्घा भी बनाई गई है. यहां खिलाड़ियों को बास्केटबॉल, बैडमिंटन, स्वीमिंग, योग और जिम समेत कई खेल सुविधाएं मिलेंगी.
बारहद्वारी में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के साथ मल्टीलेवल पार्किंग
कमिश्नर ने बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना का भी जायजा लिया. करीब 49.89 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. परियोजना के प्रथम चरण में सात दुकानों का आवंटन पूरा हो चुका है, जिससे करीब 1.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. कमिश्नर ने अधिकारियों को शेष कार्यों और आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- Passport उठाइए और निकल पड़िए! भारतीयों को इस देश में मिली 30 दिन वीजा फ्री एंट्री
उद्घाटन की तैयारी तेज
तीनों परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि जो भी कार्य या कमियां अभी बाकी हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि परियोजनाओं के उद्घाटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके. इन परियोजनाओं के शुरू होने से अलीगढ़ में यातायात, खेल सुविधाओं, पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है.


