अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या के GIC मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी. मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की. वहीं सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया. प्रदेश की 2.51 लाख से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सरकार की इन घोषणाओं का लाभ मिलेगा.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में बड़ा बदलाव! अब माल और यात्रियों के लिए होंगे बिल्कुल अलग रास्ते, जानिए क्या है नया प्लान
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन बड़ी सौगात
सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. इनमें मानदेय बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य बीमा और अतिरिक्त साड़ी के लिए आर्थिक सहायता शामिल है.
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़कर 12,000 रुपये प्रतिमाह
- आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़कर 6,000 रुपये प्रतिमाह
- हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा
- अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये की धनराशि
परिवार को भी मिलेगा 5 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए हर वर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की घोषणा की. इस योजना का लाभ उनके परिवार को भी मिलेगा. इससे गंभीर बीमारी या अस्पताल में इलाज की जरूरत पड़ने पर परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी.
अतिरिक्त साड़ी के लिए सीधे खाते में भेजे 500 रुपये
सीएम योगी ने आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए अतिरिक्त साड़ी की भी व्यवस्था की है. इसके लिए 500 रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई. कार्यक्रम के दौरान करीब 29 करोड़ रुपये की धनराशि खातों में हस्तांतरित की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले साड़ी की व्यवस्था थी, अब इसमें एक अतिरिक्त साड़ी भी जोड़ी गई है.
सरकार बनने के बाद लगातार बढ़ाया मानदेय
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देने का लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी, उस समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को केवल 3,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 8,000 रुपये किया. इसी तरह सहायिकाओं का मानदेय भी 1,500 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये किया गया था. अब एक बार फिर दोनों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है.
यह भी पढ़ें- Festival Calendar 2026: पितृ पक्ष से दिवाली और छठ तक, नोट कर लें सभी बड़ी तारीखें
कोरोना काल में निभाई अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों के योगदान को भी याद किया. उन्होंने कहा कि कोरोना के कठिन दौर में इन महिलाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना गांव-गांव जाकर लोगों की सेवा की और महामारी के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके इस योगदान को सम्मान और सुविधाओं के जरिए लगातार मजबूत करने का काम कर रही है.


