नई दिल्ली: भगवान राम और रावण की महागाथा को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खबर है. नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ का इंटरनेशनल ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के जरिए मेकर्स भारतीय महाकाव्य को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की तैयारी में हैं. ट्रेलर में भगवान राम और रावण की दुनिया की झलक दिखाई गई है, जिसमें भव्य दृश्य, युद्ध और जबरदस्त एक्शन देखने को मिल रहा है.
फिल्म के अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियान को आगे बढ़ाते हुए मेकर्स ने सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर ट्रेलर पेश किया है. इसके साथ ही रणबीर कपूर और यश के अलग-अलग पोस्टर भी जारी किए गए हैं, जिनमें दोनों कलाकार अपने किरदारों में नजर आ रहे हैं.
राम के रूप में रणबीर, रावण बनकर छाए यश
फिल्म के नए पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाकर निशाना साधते दिखाई दे रहे हैं. पीछे जंगल के बीच से छनकर आती सूर्य की रोशनी उनके किरदार को एक खास भव्यता देती है. वहीं, यश का रावण अवतार भी काफी प्रभावशाली नजर आता है. पोस्टर में वह गिरे हुए योद्धाओं के बीच भाले के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं. पीछे बना विशाल महल और युद्ध के बाद का दृश्य लंका के राजा की शक्ति और उसके आक्रामक व्यक्तित्व को दर्शाता है. दोनों पोस्टर फिल्म में राम और रावण के बीच होने वाले संघर्ष की झलक पेश करते हैं.
बेंगलुरु में हुआ इंटरनेशनल ट्रेलर का अनावरण
फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर बेंगलुरु में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में जारी किया गया. इसका आयोजन प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया. इस मौके पर रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, संगीतकार एआर रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी सहित फिल्म की टीम मौजूद रही. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं.
दो भागों में आएगी ‘रामायण’, जानें रिलीज डेट
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है. फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है.
रामायण पार्ट 1: 5 नवंबर 2026
रामायण पार्ट 2: दिवाली 2027
फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी. इसे IMAX फॉर्मेट में भी दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा. भारत के बाहर फिल्म का वितरण सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट करेगा, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसकी वितरण जिम्मेदारी संभालेगा. अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में अवतार और यश का रावण वाला अंदाज बड़े पर्दे पर किस तरह इस महागाथा को जीवंत करता है.
यह भी पढ़ें- Ramayana Movie: ‘राम भगवान नहीं, इंसान थे’ डायलॉग से चर्चा में रणबीर कपूर की फिल्म, इंटरनेशनल कैंपेन शुरू


