लखनऊ: उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET 2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है. परीक्षा के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. आगरा, मथुरा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़ और बलिया समेत कई शहरों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के लिए 10 रैक रिजर्व रखे गए हैं.
PET परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होनी है. ऐसे में दूसरे शहरों में परीक्षा केंद्र पाने वाले अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है. रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन की तारीख और समय भी निर्धारित किए हैं, ताकि परीक्षार्थी अपनी यात्रा की योजना बना सकें.
यह भी पढ़ें- पर्यटन और होटल उद्योग में AI का बढ़ता इस्तेमाल, प्रो. नीरज अग्रवाल बोले- छात्रों को तकनीक में बनना होगा दक्ष
आगरा और मथुरा से इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आगरा कैंट से मेरठ के लिए 24, 29 और 31 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है. वहीं, मथुरा जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा रूट पर शाम 7 बजे स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना है. यह सेवा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को उपलब्ध कराई जाएगी.
मथुरा जंक्शन से लखनऊ के लिए भी इन्हीं तीन तारीखों पर दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे आवश्यकतानुसार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.
आगरा मंडल में कुल 1,97,504 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी दी गई है. इनमें आगरा के 1,26,089 और मथुरा के 71,415 परीक्षार्थी शामिल हैं. संभावित भीड़ को देखते हुए जरूरत पड़ने पर आगरा कैंट से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तक पैसेंजर ट्रेन का विस्तार भी किया जा सकता है.
कानपुर से मथुरा के लिए अनारक्षित परीक्षा स्पेशल
गाड़ी संख्या 01823 कानपुर सेंट्रल-मथुरा जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 24, 29 और 31 अक्टूबर को संचालित की जाएगी.
- प्रस्थान: कानपुर सेंट्रल से रात 8 बजे
- आगमन: मथुरा जंक्शन पर अगले दिन सुबह 3:10 बजे
- प्रमुख स्टेशन: रूरा, झींझक, फफूंद, भरथना, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला, आगरा ईदगाह और आगरा कैंट.
रेलवे के मुताबिक, कानपुर से प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मथुरा और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सहित अन्य संबंधित गंतव्यों के लिए भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जाएगी.
कानपुर-बलिया स्पेशल ट्रेन का भी इंतजाम
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कानपुर सेंट्रल और बलिया के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 05153 बलिया से 24, 29 और 31 अक्टूबर को रात 7:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 05154 कानपुर सेंट्रल से 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दोपहर 12:55 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 1:15 बजे बलिया पहुंचेगी.
इस रूट पर औड़िहार जंक्शन, वाराणसी जंक्शन, प्रयागराज रामबाग और फतेहपुर सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर ट्रेन के गुजरने की जानकारी दी गई है.
आजमगढ़-गोरखपुर परीक्षा स्पेशल का समय जानें
आजमगढ़ और गोरखपुर के बीच भी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.
ट्रेन संख्या 05151- आजमगढ़ से गोरखपुर
तारीख: 24, 29 और 31 अक्टूबर
प्रस्थान: शाम 7 बजे
गोरखपुर आगमन: रात 11:55 बजे
ट्रेन संख्या 05152- गोरखपुर से आजमगढ़
तारीख: 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर
प्रस्थान: शाम 6:30 बजे
आजमगढ़ आगमन: रात 11 बजे
गोरखपुर-लखनऊ के बीच भी मिलेगी अतिरिक्त ट्रेन
गोरखपुर और लखनऊ के बीच भी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है.
ट्रेन संख्या 05007- गोरखपुर से लखनऊ
तारीख: 24 और 31 अक्टूबर
प्रस्थान: रात 8:35 बजे
लखनऊ आगमन: अगले दिन सुबह 4:45 बजे
ट्रेन संख्या 05008 — लखनऊ से गोरखपुर
तारीख: 25 अक्टूबर और 1 नवंबर
प्रस्थान: रात 8:55 बजे
गोरखपुर आगमन: अगले दिन सुबह 4 बजे
यात्रा से पहले ट्रेन का समय जरूर जांचें
PET परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के यात्रा करने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रैक तैयार रखे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य रूटों पर भी विशेष ट्रेनें चलाई जा सकें. परीक्षार्थियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले ट्रेन की तारीख, समय, ठहराव और उपलब्धता की पुष्टि रेलवे के आधिकारिक पूछताछ माध्यमों से जरूर कर लें. इससे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आखिरी समय की परेशानी से बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें- Noida Fire: नोएडा में 6 दुकानों में भीषण आग, एक की मौत, अंदर मिले बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर


