Omar Abdullah Nidhi Razdan Marriage: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है. उन्होंने जानी-मानी टीवी पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है. दोनों 30 अक्टूबर को विवाह बंधन में बंधे. शनिवार, 31 अक्टूबर को उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी और निधि की तीन तस्वीरें साझा कर इस रिश्ते का ऐलान किया. तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, ‘A new journey began yesterday” यानी कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई. वहीं, निधि राजदान ने भी अंगूठी की इमोजी के साथ ‘It’s done bro’ लिखकर अपनी खुशी जाहिर की. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में दोनों का रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है.
30 अक्टूबर को हुई शादी, आज दिल्ली में रिसेप्शन
उमर अब्दुल्ला ने अपनी पोस्ट में पत्रकार निधि राजदान को टैग किया और अंगूठी का इमोजी भी लगाया. उनकी तस्वीरों में निधि पारंपरिक लाल रंग के विवाह परिधान में नजर आ रही हैं, जबकि उमर नीले रंग के सूट में दिखाई दे रहे हैं. दोनों की शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया.
इस शादी को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाएं थीं. हालांकि, दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते पर कोई खुलकर बयान नहीं दिया था. अब उमर अब्दुल्ला की पोस्ट के बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया है.
30 साल बाद उमर अब्दुल्ला की दूसरी शादी
उमर अब्दुल्ला की पहली शादी 1 सितंबर 1994 को पायल नाथ से हुई थी. दोनों की मुलाकात दिल्ली के मशहूर द ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी. यह प्रेम विवाह था. इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर अब्दुल्ला और जमीर अब्दुल्ला हैं.
उमर और पायल वर्ष 2009 से अलग रह रहे थे. साल 2011 में उमर ने सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव की जानकारी दी थी. इसके बाद दोनों के बीच लंबे समय तक कानूनी विवाद चला.
तीन महीने पहले सुप्रीम कोर्ट से मिला था तलाक
उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ के तलाक को लेकर 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में अहम फैसला हुआ था. दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने और लंबित विवादों को सुलझाने पर सहमति जताई थी. यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के तलाक देने से इनकार करने वाले फैसले को चुनौती दी थी. सुनवाई के दौरान दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की मांग की थी. वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों अपने मतभेद सुलझाने और एक-दूसरे के खिलाफ लंबित मामले वापस लेने पर सहमत हैं.
कौन हैं निधि राजदान, जिन्हें उमर ने बनाया जीवनसाथी?
निधि राजदान भारतीय पत्रकारिता का जाना-माना चेहरा हैं. उनका जन्म 11 अप्रैल 1977 को हुआ था. वह मूल रूप से कश्मीरी पंडित परिवार से आती हैं और उनका पैतृक संबंध जम्मू-कश्मीर के बडगाम से है. उनके पिता महाराज कृष्ण राजदान भी पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं.
निधि ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया. इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने वर्ष 1999 में NDTV के साथ अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी. वह करीब 21 वर्षों तक इस संस्थान से जुड़ी रहीं. इस दौरान उन्होंने देश-विदेश की कई बड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग की और चर्चित कार्यक्रम ‘Left, Right & Centre’ को होस्ट किया.
वर्ष 2020 में उन्होंने NDTV से इस्तीफा दिया था. उस समय उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में नौकरी मिलने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में खुलासा किया कि वह एक साइबर फ्रॉड का शिकार हुई थीं.
यह भी पढ़ें- फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन, घर में गिरने से लगी थी सिर पर चोट, अंतिम दर्शन को पहुंचे सितारे
निधि राजदान की भी दूसरी शादी
उपलब्ध मीडिया और जीवनी संबंधी जानकारियों के मुताबिक, निधि राजदान की पहली शादी वर्ष 2005 में पत्रकार और लेखक नीलेश मिश्रा से हुई थी. हालांकि, यह रिश्ता वर्ष 2007 में समाप्त हो गया था. अब उमर अब्दुल्ला के साथ शादी के बाद निधि राजदान ने भी जीवन की नई शुरुआत की है. इस तरह राजनीति और पत्रकारिता जगत की दो चर्चित हस्तियां अब विवाह के बंधन में बंध गई हैं.
यह भी पढ़ें- छठ पर घर जाना होगा आसान? पढ़ें दिल्ली-पटना बुलेट ट्रेन का पूरा प्लान


