Varanasi News: वाराणसी और नई दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को इस नई ट्रेन का निरीक्षण किया और इसमें यात्रियों के लिए दी गई आधुनिक सुविधाओं की सराहना की. उन्होंने इसे रात के सफर के लिए बेहतरीन सेवा बताया. इस ट्रेन में यात्रियों के आराम से लेकर रेलवे कर्मचारियों की सुविधाओं तक का खास ध्यान रखा गया है.
ऊपरी और बीच वाली बर्थ पर चढ़ना होगा आसान
निरीक्षण के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को डिजाइन करते समय हर छोटी-बड़ी जरूरत का ध्यान रखा गया है. खासतौर पर मिडिल और अपर बर्थ पर चढ़ने के लिए बेहतर सीढ़ियों की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.
इसके अलावा अपर और लोअर बर्थ के यात्रियों के लिए अलग-अलग चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं. ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक पेंट्री एरिया और सामान रखने के लिए अलग स्टोरेज स्पेस भी बनाया गया है.
लोको पायलट और ट्रेन स्टाफ के लिए भी खास इंतजाम
वंदे भारत स्लीपर में सिर्फ यात्रियों ही नहीं, बल्कि ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है. रेल मंत्री के मुताबिक, लोको पायलट के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई है. वहीं, ट्रेन के कर्मचारियों और लोको स्टाफ के लिए अलग सीटें और विशेष स्थान उपलब्ध कराया गया है.
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ट्रेन के डिजाइन में यात्री सुविधाओं और संचालन की दक्षता को प्राथमिकता दी गई है.
वाराणसी से दिल्ली के बीच इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलेगी. इस दौरान प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा. इससे पूर्वांचल, प्रयागराज, कानपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.
जानिए ट्रेन की टाइमिंग
इस ट्रेन का शेड्यूल रात के सफर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. वाराणसी से दिल्ली और दिल्ली से वाराणसी के बीच इसका समय इस प्रकार है:
वाराणसी से नई दिल्ली
प्रस्थान: रात 8:50 बजे
आगमन: अगली सुबह 6:10 बजे
नई दिल्ली से वाराणसी
प्रस्थान: रात 9:40 बजे
आगमन: अगली सुबह 7:10 बजे
इस तरह यात्रियों को रातभर के सफर के बाद सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी.
धार्मिक पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्रों में शामिल है. यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक, विद्यार्थी और कारोबारी पहुंचते हैं. दिल्ली के साथ बेहतर रात्रिकालीन रेल कनेक्टिविटी मिलने से धार्मिक यात्रा, शिक्षा, रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा. आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी और दिल्ली के बीच यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.


