Chhath Puja Special Train: छठ महापर्व पर घर जाने वाले पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर से हावड़ा और कोलकाता के बीच दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इसके अलावा गोरखपुर से रानी कमलापति के बीच भी एक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को त्योहार पर घर पहुंचने में सहूलियत मिलेगी.
हावड़ा-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन तीन फेरे लगाएगी
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, 03037/03038 नंबर की हावड़ा-गोरखपुर-हावड़ा पूजा स्पेशल ट्रेन तीन फेरे में संचालित होगी.
हावड़ा से प्रस्थान: 11, 13 और 14 नवंबर को रात 11:45 बजे.
गोरखपुर आगमन: अगले दिन शाम 6:15 बजे.
गोरखपुर से प्रस्थान: 12, 14 और 15 नवंबर को रात 8:35 बजे.
हावड़ा आगमन: अगले दिन दोपहर 3:40 बजे.
यह ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, जसीडीह, बरौनी और छपरा समेत विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेगी. गोरखपुर से हावड़ा जाते समय ट्रेन चौरी चौरा, देवरिया, भटनी और सीवान में भी रुकेगी.
कोलकाता-गोरखपुर स्पेशल का भी जानें शेड्यूल
रेलवे प्रशासन 03141/03142 नंबर की कोलकाता-गोरखपुर-कोलकाता स्पेशल ट्रेन भी एक फेरे में चलाएगा.
कोलकाता से प्रस्थान: 13 नवंबर को दोपहर 3:40 बजे.
गोरखपुर आगमन: अगले दिन सुबह 11 बजे.
गोरखपुर से प्रस्थान: 14 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे.
कोलकाता आगमन: अगले दिन सुबह 10:30 बजे.
यह ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, जसीडीह, बरौनी, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज और कप्तानगंज समेत कई स्टेशनों से होकर चलेगी. इन दोनों पूजा स्पेशल ट्रेनों में अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी.
9 नवंबर को रानी कमलापति के लिए भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ और अन्य त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर और रानी कमलापति के बीच भी एक फेरा में पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. 01663/01664 नंबर की रानी कमलापति-गोरखपुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन का संचालन इस प्रकार होगा.
रानी कमलापति से प्रस्थान: 7 नवंबर को शाम 6:45 बजे.
गोरखपुर से वापसी: 9 नवंबर को सुबह 7:50 बजे.
इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4, शयनयान श्रेणी के 10 और वातानुकूलित तृतीय व द्वितीय श्रेणी के एक-एक कोच लगाए जाएंगे.
छठ पर घर पहुंचना होगा आसान
छठ महापर्व के दौरान पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. ऐसे में रेलवे की ओर से चलाई जा रही इन पूजा स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. खासकर बंगाल से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा.
यह भी पढ़ें- Badshah और Shreya Ghoshal की आवाज का जादू, नए गाने ‘Mahiya’ में दिखा रोमांस का तड़का, Avneet Kaur ने बिखेरा जलवा


