Karnataka News: कर्नाटक में हिरियूर विधानसभा उपचुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है.मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक के लिए 2,238 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की.धर्मपुरा में आयोजित एक बड़ी जनसभा के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया.मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी फायदे के लिए घोषणाएं करने का आरोप लगाया है.
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि वह दिवंगत मंत्री डी. सुधाकर के सपनों को पूरा करने और उनके शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी लेकर हिरियूर आए हैं.सुधाकर के निधन के कारण ही इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है.शिवकुमार ने कहा, “मैं खाली हाथ नहीं आया हूं.मैं विकास की देवी को साथ लेकर आया हूं.2,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के स्वीकृति आदेश लेकर पहुंचा हूं.”
सिंचाई परियोजना पर खर्च होंगे 244 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने हिरियूर के सूखाग्रस्त इलाकों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 244 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजना का ऐलान किया. इसके तहत वेदावती नदी पर सबमर्सिबल डायवर्जन वियर बनाया जाएगा.इस परियोजना के माध्यम से 0.3 टीएमसी पानी एकत्र कर पंप किया जाएगा.
इसके अलावा 28 किलोमीटर लंबी MS पाइपलाइन और 16 किलोमीटर लंबी HDPE पाइपलाइन बिछाई जाएगी.परियोजना को 20 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
बस स्टैंड से लेकर कम्युनिटी हॉल तक कई घोषणाएं
डीके शिवकुमार ने धर्मपुरा में आंध्र प्रदेश सीमा के पास नया KSRTC बस स्टैंड बनाने की घोषणा की.इसके अलावा हिरियूर में विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये देने की बात कही.
मुख्यमंत्री ने चित्रदुर्ग जिले में ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से पेयजल और सड़क निर्माण के लिए विशेष अनुदान देने का भी ऐलान किया.उन्होंने कहा कि राज्य में इस साल 5 लाख आवासीय भूखंड और मकान वितरित किए जाएंगे.
शिवकुमार के मुताबिक, हिरियूर तालुक की चार होबली में करीब 2,200 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे.उन्होंने दावा किया कि विभिन्न घोषणाओं को मिलाकर हिरियूर के लिए कुल आवंटन करीब 3,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
हिरियूर मेरे लिए कनकपुरा जितना महत्वपूर्ण: शिवकुमार
जनसभा में डीके शिवकुमार ने कहा कि हिरियूर उनके लिए उनके गृह क्षेत्र कनकपुरा जितना ही महत्वपूर्ण है.उन्होंने बताया कि उनके साथ 10 मंत्री भी पहुंचे हैं, जो अपने-अपने विभागों की परियोजनाओं के स्वीकृति आदेश लेकर आए हैं.
उन्होंने भद्रा परियोजना को लेकर बीजेपी और जेडीएस पर भी निशाना साधा.शिवकुमार ने कहा कि जब बसवराज बोम्मई मुख्यमंत्री थे और निर्मला सीतारमण केंद्रीय मंत्री थीं, तब इस परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई थी, लेकिन एक रुपया भी जारी नहीं हुआ.उन्होंने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी टोकरी खाली है.
2028 में फिर सत्ता में लौटेगी कांग्रेस: DK शिवकुमार
दिवंगत डी. सुधाकर को याद करते हुए शिवकुमार भावुक हो गए.उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिरियूर में इतिहास रचेगी और 2028 में फिर से सत्ता में वापसी करेगी.
सुधाकर के बेटे सुहास को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने चार अलग-अलग सर्वे कराए हैं.उम्मीदवार को लेकर अंतिम फैसला इन सर्वे के आधार पर लिया जाएगा.
BJP का पलटवार, बोली- उपचुनाव के लिए दिखावा कर रही सरकार
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने सवाल उठाए.उन्होंने कहा कि डीके शिवकुमार की बातों पर किसी को भरोसा नहीं है.अशोक ने आरोप लगाया कि शिवकुमार अपनी ही पार्टी में विश्वास खो चुके हैं और सिद्धारमैया समेत किसी को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं.
बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि हिरियूर उपचुनाव को देखते हुए कांग्रेस सरकार हजारों करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रही है.उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार गृह लक्ष्मी योजना के भुगतान के लिए आर्थिक तंगी का हवाला देती है, तो चुनाव से पहले इतनी बड़ी परियोजनाओं की घोषणा कैसे कर रही है?
इस तरह हिरियूर उपचुनाव से पहले विकास परियोजनाओं के ऐलान ने कर्नाटक की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है.अब इन घोषणाओं का चुनावी असर कितना होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं.
यह भी पढ़ें- ‘King 100’ में तब्बू की दमदार एंट्री, 55वें जन्मदिन पर हुआ किरदार का खुलासा, नागार्जुन से 30 साल बाद फिर जमेगी जोड़ी


