Amroha Industrial Green Corridor: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है. हसनपुर क्षेत्र में औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर बनाने की कवायद तेज हो गई है. परियोजना के लिए अब तक 100 से अधिक किसान अपनी जमीन देने पर सहमति जता चुके हैं. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है.
9 गांवों में जमीन अधिग्रहण की तैयारी
हसनपुर तहसील के मंगरौला, रुस्तमपुर खादर और दौलतपुर कला गांवों में वर्ष 2023 में यूपीडा की ओर से औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर के लिए 140 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई थी. इसमें से करीब 70 प्रतिशत जमीन तहसील प्रशासन किसानों से खरीद चुका है.
अब परियोजना का दायरा बढ़ाते हुए गांगटकोला, हाकमपुर, गंगवार, पतेई खादर, बांसका कला और बुरावली समेत अन्य गांवों में भी जमीन चिह्नित की गई है. राजस्व लेखपाल किसानों से जमीन अधिग्रहण के लिए सहमति ले रहे हैं. सर्किल रेट बढ़ाने के बाद दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है. इसके बाद किसानों से बैनामा कराने की प्रक्रिया शुरू होगी.
रुस्तमपुर खादर में लगा हॉट मिक्स प्लांट
औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर में सड़कों के निर्माण के लिए रुस्तमपुर खादर गांव में हॉट मिक्स प्लांट स्थापित किया जा रहा है. अब तक खरीदी गई जमीन का सीमांकन कर सेक्टर तैयार किए जा रहे हैं.
सेक्टर बनने के बाद सड़क निर्माण, बिजली की लाइनें बिछाने, पानी की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन और पानी की टंकी स्थापित करने का काम कराया जाएगा. इसके बाद यहां उद्योग लगाने वाली कंपनियां अपनी जरूरत के हिसाब से निर्माण कार्य शुरू कर सकेंगी.
उद्योगों से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर बनने से हसनपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इससे क्षेत्र में निवेश के नए रास्ते खुल सकते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.
हसनपुर के एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारी चल रही है. लेखपाल किसानों से सहमति ले रहे हैं. इसके बाद जमीन के बैनामे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 160 एकड़ में बनेगा प्लग एंड प्ले औद्योगिक कॉरिडोर, उद्यमियों को मिलेंगी तैयार सुविधाएं
यह भी पढ़ें- छठ पर रेलवे की बड़ी राहत! गोरखपुर से हावड़ा-कोलकाता के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल


