Eetha Song: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ रिलीज कर दिया गया है. इस गाने में श्रद्धा कपूर पारंपरिक मराठी लोकनृत्य लावणी करती नजर आ रही हैं. नौवारी साड़ी, पारंपरिक गहनों और घुंघरुओं में उनका अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. गाने को मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है, जबकि श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है.
मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस की ओर से पेश किए गए इस गाने में श्रद्धा कपूर फिल्म की मुख्य किरदार ईथा के रूप में नजर आ रही हैं. गाने की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है. इसमें लावणी के पारंपरिक अंदाज के साथ शानदार एक्सप्रेशन, डांस मूव्स और मंच पर कलाकार की ऊर्जा को दिखाया गया है.
अजय-अतुल ने बताया क्यों खास है ‘जी जी रे जी’
गाने के बारे में संगीतकार अजय-अतुल ने कहा कि ‘ईथा’ जैसी फिल्म में संगीत केवल कहानी के पीछे बजने वाली धुन नहीं हो सकता, बल्कि उसे किरदार, उसकी दुनिया और भावनाओं का हिस्सा बनना जरूरी है.
उन्होंने बताया कि इस गाने के जरिए ईथा की ताकत, आत्मविश्वास और कलाकार के भीतर छिपे जज्बे को दिखाने की कोशिश की गई है. अमिताभ भट्टाचार्य के बोल और श्रेया घोषाल की आवाज ने इस रचना को खास बनाया है. उन्होंने श्रद्धा कपूर की भी तारीफ की और कहा कि अभिनेत्री ने हर अदायगी को सही तरीके से पेश करने के लिए काफी मेहनत की है.
श्रद्धा कपूर के लिए चुनौतीपूर्ण रहा लावणी डांस
श्रद्धा कपूर ने गाने को लेकर अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि ईथा के किरदार में ‘जी जी रे जी’ पर परफॉर्म करना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा. उनके मुताबिक, लावणी की लय, भाव, ऊर्जा और दर्शकों से जुड़ने का अंदाज बेहद खास है.
अभिनेत्री ने कहा कि एक महान कलाकार की दुनिया में कदम रखना उनके लिए जितना उत्साहजनक था, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी. उन्होंने बताया कि इस गाने के पीछे एक महत्वपूर्ण कहानी है, जो ईथा के जीवन में बड़े बदलाव का संकेत देती है. उन्हें उम्मीद है कि दर्शक पर्दे पर उनकी मेहनत और किरदार की भावनाओं को महसूस कर पाएंगे.
वैभवी मर्चेंट ने बताई कोरियोग्राफी की खासियत
गाने की कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने बताया कि इसकी कोरियोग्राफी एक कलाकार के संघर्ष और भावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. उन्होंने कहा कि मंच पर आने से पहले कलाकार अपने साथ कई संघर्ष और भावनाएं लेकर चलता है, लेकिन जैसे ही वह मंच पर कदम रखता है, वह सब कुछ पीछे छोड़कर दर्शकों से जुड़ जाता है.
उन्होंने श्रद्धा कपूर की मेहनत और अजय-अतुल के संगीत की भी तारीफ की.
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘ईथा’
फिल्म ‘ईथा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं. इसका निर्माण दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है. फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
फिल्म का संगीत इसकी कहानी का अहम हिस्सा बताया जा रहा है. ‘जी जी रे जी’ के जरिए निर्माताओं ने ईथा के एक कलाकार के रूप में संघर्ष, पहचान, महत्वाकांक्षा और आत्मसम्मान की झलक पेश की है.
यह भी पढ़ें- ‘मेरी एक ही मां थीं…’ इंदिरा गांधी को लेकर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा
यह भी पढ़ें- Azam Khan Bail: आजम खान को बड़ी राहत, मनी लॉन्ड्रिंग केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत


