नई दिल्ली: एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म की कहानी को लेकर लगातार नए कयास लगाए जा रहे हैं. इसी बीच चर्चा तेज हो गई है कि फिल्म में साउथ सुपरस्टार महेश बाबू भगवान राम के अवतार में नजर आ सकते हैं. अगर ऐसा होता है, तो दर्शकों को बड़े पर्दे पर रामायण से जुड़ा एक बेहद खास और भव्य सीक्वेंस देखने को मिल सकता है.
दरअसल, फिल्म के टाइटल रिवील इवेंट के दौरान निर्देशक एसएस राजामौली ने रामायण से प्रेरित एक खास सीक्वेंस का जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि इस सीक्वेंस की शूटिंग में करीब 60 दिन लगे. राजामौली ने यह भी खुलासा किया था कि महेश बाबू को भगवान राम के गेटअप में देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए थे. उनके इस बयान के बाद से ही फिल्म में महेश बाबू के राम अवतार को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं.
रामायण से क्या होगा फिल्म का कनेक्शन?
रामायण भारतीय संस्कृति के सबसे महत्वपूर्ण महाकाव्यों में से एक है. भगवान राम का चरित्र मर्यादा, त्याग, धैर्य और धर्म का प्रतीक माना जाता है. 14 वर्षों का वनवास स्वीकार करने से लेकर माता सीता को रावण के चंगुल से मुक्त कराने तक, उनकी जीवन यात्रा धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष की कहानी है.
ऐसे में राजामौली अगर रामायण के किसी प्रसंग को महेश बाबू के किरदार से जोड़ते हैं, तो यह फिल्म का सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली हिस्सा हो सकता है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि फिल्म में भगवान राम का पूरा किरदार दिखाया जाएगा या रामायण से प्रेरित किसी विशेष दृश्य को कहानी का हिस्सा बनाया गया है.
महाभारत से भी जुड़ रहे हैं फिल्म के तार
‘वाराणसी’ को लेकर सिर्फ रामायण ही नहीं, बल्कि महाभारत से जुड़े संकेतों की भी चर्चा हो रही है. ऐसे में दर्शकों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या राजामौली अपनी इस फिल्म में भारतीय पौराणिक कथाओं के दोनों महान महाकाव्यों की झलक दिखाने वाले हैं?
हालांकि, फिल्म की पूरी कहानी और महेश बाबू के भगवान राम के रूप में नजर आने को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल ये चर्चाएं राजामौली के बयान और सामने आए संकेतों के आधार पर हैं.
क्या फिर इतिहास रचेंगे राजामौली?
राजामौली अपनी फिल्मों में भव्यता, भारतीय संस्कृति और दमदार कहानी कहने के अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं. ऐसे में ‘वाराणसी’ में रामायण और महाभारत से प्रेरित प्रसंगों का मेल दर्शकों के लिए एक अनूठा सिनेमाई अनुभव साबित हो सकता है.
अब देखना दिलचस्प होगा कि महेश बाबू और राजामौली की यह जोड़ी पर्दे पर भारतीय पौराणिक कथाओं का कितना भव्य संसार रचती है.
यह भी पढ़ें- ‘वो जो भी है, केवल नाटक है…’, जब ‘शराबी’ के आइकॉनिक किरदार का राज़ अमिताभ बच्चन ने खोला
यह भी पढ़ें- MS Dhoni News: IPL से खिलाड़ी के तौर पर विदाई! CSK के मेंटर बने एमएस धोनी, अब युवाओं को देंगे गुरुमंत्र


