बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की 1984 में आई सुपरहिट फिल्म ‘शराबी’ आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है. फिल्म में एक रईस लेकिन शराबी बेटे ‘विक्की’ का किरदार उन्होंने इतनी शिद्दत से निभाया था कि देखने वालों को लगता था मानो उन्होंने सचमुच शराब पीकर शूटिंग की हो. अब सालों बाद खुद बिग बी ने इस राज़ से पर्दा उठा दिया है.
KBC के मंच पर फैन का दिलचस्प सवाल
यह मजेदार किस्सा सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) सीजन 18 के एक एपिसोड में सामने आया. शो में कंटेस्टेंट महिमा मनोरम यादव हॉट सीट पर बैठी थीं. इसी दौरान वीडियो कॉल के जरिए उनके मंगेतर बिमल अमिताभ बच्चन से जुड़े. बिमल ने बिग बी को बताया कि वह उनके बहुत बड़े फैन हैं और उन्होंने फिल्म ‘शराबी’ कम से कम 50 बार देखी है. बातचीत के दौरान बिमल ने बड़े ही भोलेपन से पूछ लिया कि फिल्म में उनका शराबी वाला अंदाज नेचुरल था या फिर पूरी तरह एक्टिंग का कमाल?
बिग बी का मजेदार जवाब
फैन के इस सवाल पर अमिताभ बच्चन मुस्कुराए और अपने खास अंदाज में जवाब दिया, “क्योंकि आपने सवाल पूछा है, तो हम उसका जवाब देंगे. साहब, हम शराब पीकर एक्टिंग नहीं किए हैं, वो जो भी है, केवल नाटक है…” उनके इस जवाब ने सेट पर मौजूद हर शख्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी.
ओम प्रकाश और फिल्म की कहानी को दिया क्रेडिट
जब बिमल ने उनके अभिनय की जमकर तारीफ की, तो अमिताभ बच्चन ने पूरी विनम्रता के साथ इसका श्रेय खुद लेने के बजाय फिल्म की कहानी और दिवंगत अभिनेता ओम प्रकाश को दे दिया. बिग बी ने कहा, “एक्टिंग नहीं था… उसकी कहानी हमको बहुत पसंद है, वो भी पिता-पुत्र में जो रिश्ता होता है वो. और जो ओम प्रकाश जी के साथ इनकी मित्रता और भूमिका का हिस्सा है, वो हमको बहुत पसंद है.”
गौरतलब है कि प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी ‘शराबी’ में अमिताभ बच्चन और ओम प्रकाश की जुगलबंदी आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार जोड़ियों में गिनी जाती है.
(बता दें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 18 सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होता है.)
यह भी पढ़ें- MS Dhoni News: IPL से खिलाड़ी के तौर पर विदाई! CSK के मेंटर बने एमएस धोनी, अब युवाओं को देंगे गुरुमंत्र
यह भी पढ़ें- सोनू सूद ने बढ़ाया ‘जोश’ फेम शरद कपूर की मदद के लिए हाथ, मेडिकल टीम का किया इंतजाम, मुश्किल वक्त में बने सहारा


