MS Dhoni News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने धोनी को टीम का नया मेंटर नियुक्त करने की घोषणा की है. इस फैसले के साथ ही फ्रेंचाइजी के लिए उनके खिलाड़ी के रूप में सफर का अंत माना जा रहा है. अब धोनी टीम के साथ मेंटर की भूमिका निभाते हुए युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे.
CSK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की. फ्रेंचाइजी ने धोनी को अपनी पहचान का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि जीत, मुश्किल दौर और अनगिनत यादों के बीच वह शुरुआत से ही टीम की यात्रा के केंद्र में रहे हैं. टीम ने यह भी कहा कि चेन्नई हमेशा धोनी का घर रहेगा.
CSK को पांच बार बनाया IPL चैंपियन
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार IPL का खिताब जीता है. इस उपलब्धि के साथ धोनी IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं. उनके नेतृत्व में CSK ने दो बार चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी अपने नाम किया.
धोनी ने टीम को कई मुश्किल परिस्थितियों से निकालकर जीत दिलाई. यही वजह है कि चेन्नई के प्रशंसकों के बीच उन्हें ‘थाला’ के नाम से जाना जाता है.
CSK के दूसरे सबसे बड़े रन स्कोरर हैं धोनी
कप्तानी के अलावा बल्लेबाजी में भी धोनी का IPL करियर शानदार रहा है. वह चेन्नई सुपर किंग्स के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उनके नाम 5,314 रन दर्ज हैं. इसके अलावा वह फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं.
उनके आखिरी गेंद पर मैच जिताने वाले अंदाज और मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट ने IPL इतिहास में खास पहचान बनाई है.
अब युवा खिलाड़ियों को तैयार करेंगे धोनी
CSK ने अपने बयान में कहा कि धोनी अब अगली पीढ़ी के सुपर किंग्स खिलाड़ियों को तैयार करने और उनका मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से टीम को भविष्य में मजबूती मिलने की उम्मीद है.
धोनी का चेन्नई से रिश्ता सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा है. उन्होंने फ्रेंचाइजी को कई ऐतिहासिक सफलताएं दिलाई हैं. अब मेंटर के रूप में उनकी नई पारी पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी.
यह भी पढ़ें- सोनू सूद ने बढ़ाया ‘जोश’ फेम शरद कपूर की मदद के लिए हाथ, मेडिकल टीम का किया इंतजाम, मुश्किल वक्त में बने सहारा
यह भी पढ़ें- दिल्ली से पटना का सफर सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, बिहार में बनेंगे 5 स्टेशन, जानें पूरा रूट


