नई दिल्ली: देश में सोने की खरीदारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है. कम से कम व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) का तो यही दावा है. संगठन के मुताबिक, लोगों से एक साल तक गैर-जरूरी सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद भारत के गोल्ड इंपोर्ट में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच देश का सोना आयात बिल करीब 40 फीसदी घट गया. इससे पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 16.46 अरब डॉलर की कमी आई है.
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत ने 24.78 अरब डॉलर का सोना आयात किया. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 41.24 अरब डॉलर था. यानी सात महीनों में सोने के आयात में करीब 40 फीसदी की गिरावट आई है.
अक्टूबर में भी 62 फीसदी से ज्यादा गिरा सोने का आयात
सोने के आयात में गिरावट का सिलसिला अक्टूबर में भी जारी रहा. वाणिज्य मंत्रालय के ताजा शुरुआती अनुमान के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में भारत का गोल्ड इंपोर्ट सालाना आधार पर 62.57 फीसदी घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया. पिछले साल अक्टूबर में यह आंकड़ा 14.72 अरब डॉलर था. हालांकि, मंत्रालय ने अक्टूबर के आंकड़ों को अस्थायी बताया है.
CAIT ने पीएम मोदी की अपील को बताया बड़ी वजह
व्यापारियों के संगठन CAIT ने सोने के आयात में आई इस गिरावट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से जोड़कर देखा है. संगठन के महासचिव और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि ताजा आंकड़े दिखाते हैं कि प्रधानमंत्री की अपील का असर हुआ है.
दरअसल, पीएम मोदी ने लोगों से अपील की थी कि बेहद जरूरी होने पर ही सोना खरीदें और एक साल तक गैर-जरूरी खरीदारी से बचें. शनिवार को लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लोगों ने उनकी बात सुनी है. उन्होंने यह भी कहा कि लोगों के इस फैसले का असर सोने की कीमतों पर पड़ा है.
सोने की कीमतों और बढ़ी इंपोर्ट ड्यूटी का भी असर
हालांकि, सोने की खरीदारी में गिरावट के पीछे सिर्फ प्रधानमंत्री की अपील ही वजह नहीं है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की जुलाई-सितंबर रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सोने की मांग सालाना आधार पर 29 फीसदी घटकर 162.5 टन रह गई.
रिपोर्ट में सोने की ऊंची कीमतों और त्योहारों के कैलेंडर में बदलाव को भी मांग घटने की वजह बताया गया है. इस दौरान सोने के गहनों की मांग में 20 फीसदी की गिरावट आई, जबकि बार और सिक्कों की मांग 40 फीसदी कम रही. रिपोर्ट के मुताबिक, आयात शुल्क में बढ़ोतरी का भी मांग पर असर पड़ा.
गौरतलब है कि भारत ने मई में सोने पर आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था. इससे सोने का आयात महंगा हुआ और घरेलू बाजार में इसकी मांग प्रभावित होने की संभावना बढ़ी.
त्योहारों के लिए ज्वेलर्स ने फिर बढ़ाया आयात
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के 17 नवंबर के मार्केट अपडेट के मुताबिक, अक्टूबर में सोने का आयात सितंबर के निचले स्तर के मुकाबले तीन गुना से ज्यादा बढ़ा. इसकी एक वजह त्योहारों के सीजन से पहले ज्वेलर्स की ओर से दोबारा स्टॉक जमा करना रही. इस दौरान सोने की कीमतों में नरमी आने से भी खरीदारी को सहारा मिला.
2026-27 में कितना रह सकता है सोने का आयात बिल?
CAIT महासचिव प्रवीण खंडेलवाल का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत का सोना आयात बिल घटकर 35 से 40 अरब डॉलर के बीच रह सकता है. वहीं, वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का गोल्ड इंपोर्ट बिल 71.98 अरब डॉलर रहा था. इससे पहले 2024-25 में यह 58.01 अरब डॉलर था.
यह भी पढ़ें- शादी में देरी के पीछे कहीं शनि की दृष्टि तो नहीं? जानिए कुंडली के कौन से योग बनाते हैं बाधा
यह भी पढ़ें- छोटे शहरों की कहानियों को भी मिलेगी बड़े पर्दे पर जगह, IFFI में प्रसून जोशी ने लॉन्च की ‘From Page to Pitch’ पहल


