नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस लाइव शो से पहले चंडीगढ़ के PGGC-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेंनावर ने सिंगर से चार गाने नहीं गाने की मांग की है. उनका आरोप है कि इन गानों के बोल शराब, नशे और हथियारों की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, जिसका बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दिलजीत ने ये गाने गाए तो वह गुजरात हाईकोर्ट में अदालत की अवमानना की याचिका दाखिल करेंगे.
दिलजीत के इन 4 गानों पर जताई आपत्ति
डॉ. पंडित राव धरेंनावर ने दिलजीत दोसांझ से कॉन्सर्ट में ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्ते फायर करदा’ गाने नहीं गाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इन गानों के बोल शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं. इससे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है. धरेंनावर के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने साल 2019 में उनके मामले की सुनवाई के दौरान मंच पर शराब, नशे और मादक पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाने का निर्देश दिया था.
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली के कॉन्सर्ट में इन गानों को परफॉर्म किया.
गुजरात हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी
धरेंनावर ने केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान का हवाला देते हुए कहा कि सरकार, जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में जुटे हैं. ऐसे में बच्चों के बीच नशे को बढ़ावा देने वाले गानों का प्रचार करना गलत और गैरकानूनी है. अगर दिलजीत दोसांझ अहमदाबाद के कार्यक्रम में इन चारों गानों को गाते हैं तो वह गुजरात हाईकोर्ट का रुख करेंगे और अदालत की अवमानना का मामला दाखिल करेंगे.
कॉन्सर्ट में 85 हजार से ज्यादा दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद
विवाद के बीच अहमदाबाद पुलिस ने कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के मुताबिक, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 85 हजार दर्शकों और सपोर्ट स्टाफ व सुरक्षाकर्मियों समेत 90 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इसके अलावा स्टेट रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियां, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के जवान भी तैनात रहेंगे.
600 CCTV कैमरों से होगी निगरानी
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि स्टेडियम में करीब 600 CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी. प्रवेश द्वारों पर DFMD और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. इसके अलावा करीब 1,500 निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहेंगे, जो दर्शकों के प्रवेश, निकास और स्टेडियम के अंदर व्यवस्था संभालेंगे.
पानी की बोतल और बैग ले जाने पर रोक
कॉन्सर्ट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं. पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, कार्यक्रम में पानी की बोतल और बैग ले जाने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि, स्टेडियम के बाहर लॉकर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. महिला दर्शकों को छोटे पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी. दिलजीत दोसांझ के इस कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में पुलिस प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. अब देखना होगा कि गानों को लेकर उठे विवाद के बीच दिलजीत अपने अहमदाबाद शो में कौन-कौन से गाने पेश करते हैं.
यह भी पढ़ें- Udhampur News: सर्दियों में मूंगफली की मांग बढ़ी, 250 रुपये किलो तक पहुंचे दाम


