नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा में नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और छोटे शहरों की कहानियों को बड़े पर्दे तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है. प्रसार भारती के चेयरपर्सन प्रसून जोशी ने 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान ‘From Page to Pitch’ पहल के बारे में जानकारी दी. इसके तहत उन लोगों को मंच देने की तैयारी है, जो अपनी कहानियों को फिल्मों में बदलना चाहते हैं. चयनित प्रतिभागियों को भविष्य में निर्देशन से जुड़ी मार्गदर्शन और आर्थिक सहायता भी दी जाएगी.
गोवा में शुक्रवार को IFFI के उद्घाटन समारोह के रेड कार्पेट पर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रसून जोशी ने कहा कि इस साल फिल्म महोत्सव की पहुंच और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है. इस बार ‘Stories Without Borders’ यानी ‘सीमाओं से परे कहानियां’ थीम रखी गई है. उन्होंने बताया कि इस संस्करण में अधिक देशों की भागीदारी के साथ एनीमेशन को भी शामिल किया गया है.
छोटे शहरों के कहानीकारों को मिलेगा मौका
प्रसून जोशी ने कहा कि आज कहानीकारों के लिए कई मंच उपलब्ध हैं और यह दौर कहानीकारों का है. ऐसे में नई प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा, ”इस साल मैंने प्रसार भारती की ओर से पहल करते हुए ‘From Page to Pitch’ नाम से एक नया कार्यक्रम शुरू किया है. यह उन लोगों को मंच देता है, जो छोटे शहरों से आते हैं और अपनी कहानियों को फिल्मों में बदलना चाहते हैं. वे यहां अपनी कहानियां प्रस्तुत कर सकते हैं. चयनित प्रतिभागियों को आगे निर्देशन के क्षेत्र में मार्गदर्शन और आर्थिक सहायता दी जाएगी.”
BRICS देशों पर विशेष फोकस, एनीमेशन को भी मिली जगह
प्रसून जोशी ने इस साल के महोत्सव में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका (BRICS) देशों पर विशेष फोकस को सकारात्मक कदम बताया. उनके मुताबिक, अलग-अलग देशों की भागीदारी बढ़ने से फिल्म महोत्सव का दायरा और व्यापक होगा.
उन्होंने कहा कि इस बार एनीमेशन को भी जगह दी गई है, जो बदलते फिल्म जगत और कहानी कहने के नए तरीकों को सामने लाने का अवसर देगा.
2003 से गोवा बना IFFI का स्थायी आयोजन स्थल
उद्घाटन समारोह में मौजूद बीजेपी सांसद सदानंद शेट तानावड़े ने भी फिल्म महोत्सव को लेकर उत्साह जाहिर किया. उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को हर साल IFFI का उद्घाटन होता है और 2003 से गोवा इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का स्थायी आयोजन स्थल बना हुआ है.
उन्होंने कहा कि देशभर के फिल्म उद्योग से जुड़े लोग इस तारीख का इंतजार करते हैं और गोवा आकर महोत्सव में हिस्सा लेना उनके लिए खास अवसर होता है. तानावड़े ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सरकार को भी बधाई दी.
86 देशों की 159 फिल्में दिखाएगा नौ दिवसीय महोत्सव
57वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 20 नवंबर से गोवा में शुरू हुआ है और 28 नवंबर तक चलेगा. इस साल ‘Stories Without Borders’ थीम के तहत नौ दिनों तक दुनियाभर की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा.
महोत्सव में करीब 1,400 फिल्मों की प्रविष्टियों में से 86 देशों की 159 फिल्मों का चयन किया गया है. पोलिश फिल्ममेकर पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म ‘Fatherland’ से महोत्सव की शुरुआत हुई.
‘धुरंधर’ और ‘कांतारा: चैप्टर 1’ भी इंडियन पैनोरमा में शामिल
इस साल के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में भारतीय सिनेमा की कई चर्चित फिल्में शामिल हैं. इनमें रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा: ए लीजेंड-चैप्टर 1’ और चिरंजीवी की ‘माना शंकर वर प्रसाद गारू’ प्रमुख हैं.
यह भी पढ़ें- Koffee With Karan 9 में अक्षय कुमार और रवि किशन की जुगलबंदी, ‘बिहार के ब्रैड पिट’ के ठुमकों पर थिरके खिलाड़ी कुमार
यह भी पढ़ें- NEET-UG 2026 पेपर लीक केस में 14 आरोपियों ने कबूला नहीं गुनाह, 25 नवंबर से शुरू होगा ट्रायल, CBI ने जुटाए 360 गवाह


