Lucknow News: पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें स्किल दीक्षांत समारोह-2026 में देशभर के 52 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे. इन सभी ने ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट (AITT) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल की है. कार्यक्रम 21 नवंबर को शाम 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा. इस समारोह में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षुओं को भी सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे.
सम्मानित होने वाले 52 प्रशिक्षुओं में 37 कैंडिडेट क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (CTS) और 15 कैंडिडेट क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम (CITS) से जुड़े हैं. CTS में 18 पुरुष और 19 महिलाएं शामिल हैं, जबकि CITS में सात पुरुष और आठ महिलाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है.
यूपी के 6 प्रशिक्षुओं को मिलेगा सम्मान
समारोह में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया जाएगा. इनमें तीन CTS और तीन CITS के प्रशिक्षु शामिल हैं. खास बात यह है कि CITS के तीनों चयनित प्रशिक्षु लखनऊ के अलीगंज स्थित इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (IToT) से हैं.
प्रधानमंत्री मंच से व्यक्तिगत रूप से 10 मेधावी प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे. इनमें दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों और चुनौतीपूर्ण ट्रेड में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिला प्रशिक्षुओं को भी जगह दी गई है.
मंच पर सम्मानित होने वालों में लखनऊ के सरकारी IToT अलीगंज से इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के प्रशिक्षु शाहबाज खान और नोएडा स्थित NSTI फॉर वुमेन की सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षु संध्या देवी शामिल हैं. इनके अलावा तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल के प्रशिक्षुओं को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा.
राजनाथ सिंह और CM योगी भी करेंगे संबोधित
स्किल दीक्षांत समारोह में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी स्वागत भाषण देंगे. इसके बाद स्किल दीक्षांत समारोह और PM-SETU पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुख्य संबोधन शाम 6:21 बजे से 6:40 बजे के बीच निर्धारित है. इस दौरान पुरस्कार विजेताओं और PM-SETU से जुड़े उद्योग जगत के भागीदारों के साथ प्रधानमंत्री की सामूहिक तस्वीर भी ली जाएगी.
5,650 प्रशिक्षु और कर्मचारी होंगे शामिल
इस समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न मंडलों के ITI संस्थानों, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और कानपुर व लखनऊ स्थित NSTI के कुल 5,650 प्रशिक्षु और कर्मचारी हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर संरचना तैयार की गई है, जिसमें करीब 5,500 लोगों के बैठने की क्षमता है.
समारोह में प्रशिक्षुओं की सफलता की कहानियों पर आधारित वीडियो भी दिखाया जाएगा. ड्रोन, रोबोटिक्स और पेंट्स उद्योगों में काम कर रहे पूर्व प्रशिक्षुओं को भी आमंत्रित किया गया है.
PM-SETU योजना से जुड़े हैं 13 बड़े उद्योग भागीदार
PM-SETU योजना के तहत टाटा स्टील फाउंडेशन, AM/NS इंडिया, जिंदल नवीन अवसर, अपोलो मेडस्किल्स और NSDC समेत 13 प्रमुख उद्योग भागीदार देशभर के ITI क्लस्टर से जुड़े हैं. इनमें उत्तर प्रदेश का मेरठ क्लस्टर भी शामिल है. इस पहल का उद्देश्य ITI प्रशिक्षण को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करना और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर बढ़ाना है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में मिस्त्री की बीवी ने आशिक संग मिलकर पति को मार डाला
यह भी पढ़ें- ’36 का आंकड़ा, तभी 36 सीटें मांग रहे हैं…’ ओमप्रकाश राजभर की मांग पर अखिलेश यादव ने कसा बड़ा तंज


