Rise and Fall Season: रियलिटी शो ‘Rise और Fall Season 2’ जीतने के बाद पूर्व बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने साफ किया है कि सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने का उनका फैसला भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रति किसी नाराजगी या नफरत की वजह से नहीं था. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया.
ANI को दिए इंटरव्यू में शहजाद पूनावाला ने कहा कि अगर उन्हें बीजेपी से नफरत होती तो वह पार्टी की टी-शर्ट पहनकर नहीं घूमते. उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा, हिंदुत्व को लेकर विचारों और अपने भाई तहसीन पूनावाला के साथ वैचारिक मतभेदों पर भी खुलकर बात की.
बीजेपी से नफरत होती तो उसकी T-shirt नहीं पहनता’
शहजाद पूनावाला ने सक्रिय राजनीति छोड़ने के फैसले पर कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि उनका बीजेपी से कोई मनमुटाव है. उन्होंने कहा, “मैंने राजनीति क्यों छोड़ी? ऐसा इसलिए नहीं था कि मुझे बीजेपी पसंद नहीं है. अगर मुझे बीजेपी पसंद नहीं होती तो मैं उसकी टी-शर्ट पहनकर नहीं घूमता.”
उन्होंने बताया कि कांग्रेस छोड़ने के बाद वह मीडिया से जुड़े थे, जहां एंकर के तौर पर अच्छी सैलरी मिल रही थी. इसके बाद 2021 में बीजेपी में शामिल हुए. उनका शुरुआती इरादा 2024 के लोकसभा चुनाव तक पार्टी के साथ रहने का था, लेकिन हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और बंगाल के चुनावों के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर फिर मीडिया में लौटने का फैसला किया.
हिंदुत्व पर बोले- देश में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू
हिंदू पहचान और हिंदुत्व पर अपनी राय रखते हुए पूनावाला ने कहा कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को हिंदू और हिंदुत्ववादी होना चाहिए. उन्होंने देश के नाम भारत और हिंदुस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि यहां रहने वाले सभी लोगों की पहचान हिंदू होनी चाहिए. यह उनका निजी राजनीतिक और वैचारिक विचार है.
भाई तहसीन पूनावाला से मतभेद को बताया सिद्धांतों की लड़ाई
शहजाद पूनावाला ने अपने भाई तहसीन पूनावाला के साथ राजनीतिक मतभेदों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच विवाद निजी नहीं, बल्कि सिद्धांतों को लेकर है. उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके भाई जिन मुद्दों को उठाते हैं, वे उनके मुताबिक देश के हित में नहीं हैं.
उन्होंने तहसीन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टीम के साथ जुड़े होने का आरोप भी लगाया. शहजाद ने अपने भाई की राजनीतिक भूमिका पर टिप्पणी करते हुए कहा कि तहसीन कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि वह खुद प्रधानमंत्री मोदी, सीएम योगी और अमित शाह के खुले तौर पर समर्थक हैं.
‘अगले 100 साल में मोदी जैसा प्रधानमंत्री नहीं होगा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना समर्थन जताते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी, दोनों के साथ काम किया है. इसी अनुभव के आधार पर उनका मानना है कि देश को अगले 100 वर्षों तक मोदी जैसा प्रधानमंत्री नहीं मिलेगा.
उन्होंने उत्तर प्रदेश के संदर्भ में मोदी और योगी की जोड़ी को भी उपयोगी बताया.
‘2027 में योगी और 2029 में मोदी की जीत असली Rise होगी’
‘Rise और Fall Season 2’ जीतने के सफर पर बात करते हुए पूनावाला ने कहा कि किसी रियलिटी शो की ट्रॉफी जीतना एक उपलब्धि हो सकती है, लेकिन उनके लिए असली राजनीतिक सफलता कुछ और होगी.
उन्होंने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ 2027 में तीसरी बार चुनाव जीतते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 में फिर से जीत दर्ज करते हैं, तो वही उनके लिए असली ‘राइज’ होगा.
पूनावाला ने यह भी कहा कि आर्थिक कारणों से वह बीजेपी से दूर हो सकते हैं, लेकिन बीजेपी उनके दिल से कभी दूर नहीं हो सकती.


