Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन इसके साथ कई जगहों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ है. उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज आंधी और बारिश के कारण कई लोगों की जान चली गई. वहीं भारतीय मौसम विभाग यानी India Meteorological Department ने 14 मई को देश के 16 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है.
खून का थक्का बना मौत की वजह! पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक यादव की मौत को लेकर बड़ा खुलासा
पंजाब-हरियाणा से पूर्वोत्तर तक बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में 14 मई को बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अगले चार दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. असम और मेघालय में 14 से 17 मई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 17 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में कई जगहों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
बिहार, झारखंड और बंगाल में भी अलर्ट
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम विभाग ने आंधी और बारिश की संभावना जताई है. बिहार में 14 से 17 मई तक कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दरभंगा और पूर्णिया में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं पटना, गया और भागलपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
झारखंड में भी 14 से 18 मई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. कई इलाकों में आसमानी बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है.
दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की संभावना
दक्षिण भारत के राज्यों केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू का अलर्ट
एक तरफ देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने 15 से 18 मई तक पश्चिमी राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है. दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.
दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार 14 मई को दिल्ली में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है. कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है.
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. मौसम विभाग का कहना है कि 15 मई से दिल्ली में तापमान फिर बढ़ना शुरू होगा और 16 मई तक आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा. इसके बाद तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
यूपी में फिर लौटेगी भीषण गर्मी
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश के बाद अब मौसम तेजी से शुष्क होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में शुष्क मौसम रहने और तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी दी है.
विशेषज्ञों के अनुसार 14 मई के बाद बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी और गर्मी फिर से लोगों को परेशान करेगी. लखनऊ और आसपास के जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है.
‘सगे भाई से ही सबसे बड़ी दुश्मनी…’आखिर क्यों अर्जुन को मौत के घाट उतारना चाहता था कर्ण?
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के आसार
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बदला हुआ नजर आएगा. मौसम विभाग के मुताबिक 14 से 16 मई के बीच दोनों राज्यों में बारिश हो सकती है.
देहरादून, नैनीताल, मसूरी और पिथौरागढ़ में गुरुवार को बारिश की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.


